Logo
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें हिसार के 19 फुटबॉल खिलाड़ी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हिसार जिले के गांव चूली बागड़ियान के खिलाड़ी सिरसा के रानियां क्षेत्र (गांव हरिपुरा) में आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहे थे।जब उनकी गाड़ी फतेहाबाद के गांव खाबड़ा के पास पहुँची, तो अचानक गाड़ी का अगला दायां टायर पंक्चर हो गया। रफ्तार में होने के कारण ड्राइवर ने संतुलन खो दिया, जिससे गाड़ी पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर गहरे खेत में जा पलटी।

हादसा उस समय हुआ जब खिलाड़ियों से भरी एक टाटा मैजिक गाड़ी गांव खाबड़ा कलां के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और खेत में पलट गई।

कैसे हुआ हादसा?

गाड़ी पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी 19 खिलाड़ियों को गाड़ी से बाहर निकाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।

7 खिलाड़ियों की हालत गंभीर, अग्रोहा रेफर
सभी घायलों को तुरंत भट्टू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 7 खिलाड़ियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

रेफर किए गए खिलाड़ी: बिल्लू, विजय, मुकेश, दिनेश, हिमांशु, क्षितिज और सुनील। बाकी 12 खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायल खिलाड़ियों की उम्र 15 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

टूनामेंट का सपना टूटा

खिलाड़ियों ने बताया कि वे कड़ी मेहनत और प्रैक्टिस के बाद टूर्नामेंट में हिस्सा लेने निकले थे। उन्हें भट्टू और चौपटा के रास्ते सिरसा पहुँचना था, लेकिन इस हादसे ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। सूचना मिलते ही गांव चूली बागड़ियान के सरपंच प्रतिनिधि और खिलाड़ियों के परिजन भी मौके पर पहुँच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487