Ghaziabad Suicide Case: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में आज सुबह एक दुखद घटना हुई। 40 वर्षीय लॉजिस्टिक्स मैनेजर रघुकुल तिलक ने ब्लूमून सोसायटी के ई टावर से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह नोएडा की एक कंपनी में काम करते थे। यह घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। रघुकुल घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे, लेकिन दूसरे टावर में जाकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को और सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
रघुकुल तिलक अपने पिता और मां के साथ ब्लूमून सोसायटी के सी टावर में रहते थे। उनकी शादी लगभग पांच साल पहले हुई थी। पत्नी से अनबन के कारण पिछले तीन वर्ष से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। छह महीने पहले ही उनका तलाक हुआ था। परिवार और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह सामान्य रूप से काम में लगे रहते थे। हालांकि पिछले कुछ समय से उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही थी।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि घटना 22 मंजिल वाले ई टावर में हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने किस मंजिल से छलांग लगाई। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों से भी बात की जा रही है।
पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। जांच के दौरान आवश्यक विभागों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद रघुकुल के माता-पिता और परिवार के लोग सदमे हैं।










