Logo
हर्ष विहार इलाके के प्रताप नगर में एक युवक ने डीजे पर तेज म्यूजिक चलाया था। इसी बात से भड़के आरोपियों ने उस पर फायरिंग कर दी। पढ़िये रिपोर्ट...

दिल्ली पुलिस ने हर्ष विहार में होली के दिन फायरिंग के मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

मीडिया से बातचीत में डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि चार मार्च को होली के दिन हर्ष विहार क्षेत्र के प्रताप नगर की गली नंबर 8 में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां पता चला कि होली पर डीजे की तेज आवाज को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हुआ है। 

29 वर्षीय मोनू ने पुलिस को शिकायत दी कि वह होली के दिन घर के बाहर तेज आवाज में म्यूजिक चला रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक अपनी बहन के साथ पहुंचा और म्यूजिक बंद करने को कहा। उसने कुछ समय बाद म्यूजिक बंद करने की बात कही, लेकिन वो तुरंत म्यूजिक बंद करने का दबाव बनाने लगे। जब उसने म्यूजिक बंद करने से इनकार किया तो पड़ोसी ने अपने एक साथी को मौके पर बुला लिया। उसके आते ही पिस्टल से फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। 

डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी बहन और भाई को पकड़ लिया। दोनों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। वहीं उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार लिया है, जिसकी पहचान 23 वर्षीय शुभम उर्फ मंगू के रूप में हुई है। उसके पास से सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि शुभम पहले भी धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े तीन मामलों में संलिप्त पाया गया है।

5379487