दिल्ली मेट्रो के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर आज सुबह एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लेकिन, महिला के ट्रैक पर कूदते ही दोनों प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के जवानों ने महिला को बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी। वहीं मेट्रो चालक ने भी वक्त रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। बहरहाल, महिला के सिर पर चोट लगी है। उसे लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, लेकिन अभी तक महिला का नाम सामने नहीं आ पाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह घटना आज सुबह राजीव चौक मेट्रो स्टेशन की ब्लू लाइन पर सुबह दस बजे की है। यह ब्लू लाइन द्वारका के सेक्टर 21 को नोएडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। पीक ऑवर्स में इस लाइन पर यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा होती है। बताया जा रहा है कि एक महिला भी ब्लू लाइन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। किसी ने सोचा नहीं था कि मेट्रो आते ही प्लेटफॉर्म पर कूद जाएगी। इस घटना के बाद मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित हो गई, जिस कारण दफ्तर और कॉलेज आदि जाने वाले लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना के चलते ब्लू लाइन पर करीब 30 मिनट तक सेवाएं प्रभावित रही हैं।
Don't know her situation, God bless her #delhimetro #Delhi pic.twitter.com/NPlirlI1ld
— Ishtyak khan (@ishtyak) March 6, 2026
बता दें कि हाल में दिल्ली के उत्तर नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर सुसाइड के दो मामले सामने आए थे। सबसे पहले 20 फरवरी को 17 वर्षीय किशोर ने इस मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की पहचान नजफगढ़ निवासी अश्विनी डागर के रूप में हुई थी। मृतक के परिजनों के हवाले से बताया गया था कि वो पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था, जिस कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
वहीं इस घटना के बाद 24 फरवरी को एक शख्स ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय महाराज सिंह के तौर पर हुई। वह राजस्थान के करौली का रहने वाला था। वह पुताई का काम करता था। जांच में पता चला कि वह भी पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान था, जिस कारण उसने सुसाइड किया।
अगर आप या आपका कोई जानकार किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी झेल रहा है, तो आपको अपनी करीबी से अपनी समस्या के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए। आत्महत्या किसी भी समस्या का निदान नहीं है। जीवन एक बार मिला है, खुलकर जीना चाहिए। अगर सुसाइड का विचार आता है, तो मनोरोग विशेषज्ञ की भी सलाह अवश्य लेनी चाहिए। साथ ही, सहायता के लिए 14416 या 1800-89-14416 नंबर पर भी काल कर सकते हैं।










