Logo
बिहार में गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। 9 से 11 मार्च तक पटना, सीमांचल और कोसी समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं।

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी की आहट के बीच मौसम ने करवट लेने की तैयारी कर ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात (बिजली गिरना) को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी 9 मार्च से बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण बिहार के जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

9 से 11 मार्च: इन जिलों में रहेगा खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका है:

  • 9 मार्च (सोमवार): किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
  • 10 मार्च (मंगलवार): शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • 11 मार्च (बुधवार): कोसी-सीमांचल के साथ दक्षिण बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है। इसके साथ ही 9 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने की संभावना है, जिसका सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ेगा।

भीषण गर्मी के बीच राहत या आफत?
बिहार में फिलहाल तापमान तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार (6 मार्च) को 33.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। पटना, गया, बक्सर और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों में भी पारा 30 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है।

अगले 24 घंटों में तापमान में 1 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में अचानक आने वाली आंधी और बारिश गर्मी से राहत तो देगी, लेकिन वज्रपात और तेज हवाएं जान-माल के लिए खतरा भी पैदा कर सकती हैं।

सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि मेघगर्जन या बिजली चमकने के दौरान पक्के मकानों में शरण लें और ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।
 

5379487