Logo
अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसमेंट ने शुक्रवार को ऐलान किया कि भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की छूट दी जा रही है। उनके इस ऐलान पर केजरीवाल भी भड़क गए हैं।

ईरान और इजरायल के बीच भीषण युद्ध चल रहा है। अमेरिका भी इस युद्ध में इजरायल के साथ खड़ा है। वहीं दूसरी तरफ चीन और रशिया भी ईरान की तरफ दिख रहे हैं, लेकिन अभी तक वे इस युद्ध में शामिल नहीं हुए हैं। लेकिन जिस तरह से यह युद्ध आगे बढ़ रहा है, उसके मद्देनजर तीसरे विश्व युद्ध की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बहरहाल, वर्तमान स्थिति की बात करें तो पूरी दुनिया इस युद्ध के चलते आर्थिक संकट को लेकर गहरी चिंता में हैं। अमेरिका में भी अभी से महंगाई बढ़ने लगी है। ऐसे में अमेरिका ने भारत के लिए ऐसा ऐलान कर दिया है, जिससे भारतीय विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर हमले करने शुरू कर दिए हैं। 

दरअसल, अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसमेंट ने शुक्रवार को ऐलान किया कि भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की छूट दी जा रही है। उनकी इस घोषणा पर समूचे विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमले करने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी भड़क गए हैं। उन्होंने एक्स पर अपने गुस्से को जाहिर करते हुए सरकार से सीधा सवाल पूछा है

आप सुप्रीमो ने लिखा कि भारत को रशिया से तेल खरीदने की इजाजत देने वाला अमेरिका कौन होता है? भारत को अमेरिका से इजाजत की क्यों जरूरत है? उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में देशवासियों ने बहुत पीड़ा के साथ देखा है कि किस तरह एक के बाद एक, हर कदम पर आप ट्रम्प के सामने झुक गए और आपकी उसके सामने बोलने तक की हिम्मत नहीं हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से पूछा कि आखिर आपकी ऐसी कौन सी मजबूरी है, जिस की वजह से आप ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं।

उन्होंने कहा, 'भारत हजारों वर्ष पुराना देश है। भारत 140 करोड़ लोगों का एक महान देश है। भारत ने एक से बढ़कर एक वीर योद्धा पैदा किए हैं। आज तक भारत ने किसी भी देश के सामने इस तरह सर नहीं झुकाया। आज तक भारतीय इतिहास में कभी भी भारत का नेतृत्व इतना कमजोर नहीं रहा। अगर आपकी वाकई कोई ऐसी मजबूरी है जिसका फायदा ट्रम्प उठा रहा है, तो भारत और भारतीय हितों की ख़ातिर, कृपया इस्तीफ़ा दे दीजिए। पर ऐसे भारत मां का सर मत झुकाइए। सभी देशवासियों को बेहद पीड़ा हो रही है।

5379487