Sunil Pal: कॉमेडियन सुनील पाल जो पिछले कुछ समय से कपिल शर्मा और उनके शो की आलोचना करते नजर आते रहे हैं, अब उनके सुर बदले-बदले दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में सुनील ने साफ किया कि उनके और कपिल शर्मा के बीच किसी तरह की कोई दुश्मनी नहीं है। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद को कपिल का बड़ा फैन भी बताया।
'मुझे कपिल से कोई दिक्कत नहीं'
मेरी सहेली को दिए इंटरव्यू में सुनील पाल ने कहा कि उनका कपिल शर्मा से कोई झगड़ा या मनमुटाव नहीं है। उन्होंने कहा, “मुझे कपिल शर्मा से कोई दिक्कत नहीं है। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। वह पिछले 12 साल से अपना शो चला रहे हैं और शानदार काम कर रहे हैं। वह अपने दोस्तों को भी आगे बढ़ने का मौका देते हैं। वह दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले कॉमेडियन हैं।”

ये भी पढ़ें- Rashmika Vijay Wedding Look: मनीष मल्होत्रा और सब्यसाची नहीं! रश्मिका-विजय के शाही वेडिंग लुक के पीछे थी ये डिजाइनर!
सुनील ने यह भी बताया कि उन्होंने कभी खुद से कपिल से शो में बुलाने की मांग नहीं की। उन्होंने कहा, "मैंने कभी कपिल से नहीं कहा कि मुझे अपने शो में ले लो। उल्टा वह कई बार मुझे अपने सेट पर बुला चुके हैं। वह कहते हैं, ‘आओ, हमारे पास आओ।’ वह मुझसे बहुत प्यार करते हैं।"
‘शो में तो जैसे लंगर लगा है’
हालांकि अपनी बात को हल्के-फुल्के अंदाज में रखते हुए सुनील ने मजाक में कहा, “मैं तभी जाऊंगा जब मुझे लगेगा कि उन्हें सच में मेरी जरूरत है। वरना उनके शो में तो जैसे लंगर लगा हुआ है... आधा पंजाब वहीं बैठा है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें- Face Reveal: गौहर खान ने पहली बार दिखाया छोटे बेटे फरवान का चेहरा, रमजान पर मक्का से शेयर की तस्वीरें
सुनील पाल पहले कर चुके हैं आलोचना
गौरतलब है कि इससे पहले सुनील पाल कई बार कपिल शर्मा के शो की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर शो के कंटेंट पर सवाल उठाए थे और कुछ प्रोमो में इस्तेमाल हुई भाषा को ‘अशोभनीय’ और ‘अश्लील’ तक बताया था।
एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि पिछले 40 सालों में जॉनी लीवर जैसे कलाकार ने ही कॉमेडी की परिभाषा बदली है। उन्होंने यह भी माना था कि कपिल शर्मा ने खुद को नए तरीके से पेश किया और इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई।









