Logo
Dipika Kakar health: अस्पताल में सर्जरी के तीन दिन बाद दीपिका कक्कड़ घर लौट आई हैं। पेट की सिस्ट हटाने के बाद उन्होंने व्लॉग में बताया कि ऑपरेशन सफल रहा, लेकिन अभी भी वह बहुत दर्द में हैं।

Dipika Kakar health: टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ की हाल ही में पेट में मौजूद सिस्ट को हटाने के लिए सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन के दो दिन बाद उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने जानकारी दी थी कि सर्जरी सफल रही, लेकिन दीपिका को काफी दर्द हो रहा है। अब अस्पताल से घर लौटने के बाद दीपिका ने अपने व्लॉग के जरिए खुद अपनी सेहत का हाल साझा किया है।

घर लौटीं दीपिका, बताई कैसी है हालत

दीपिका सर्जरी के तीन दिन बाद घर वापस आ गई हैं। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हुई, लेकिन अचानक इस स्थिति का सामना करना आसान नहीं था। जब डॉक्टर ने तुरंत भर्ती होने की सलाह दी तो वह काफी घबरा गई थीं। इसी बीच उनकी शादी की सालगिरह भी थी।

दीपिका ने कहा कि परिवार का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने बताया कि इस बार ऑपरेशन को लेकर वह काफी चिंतित थीं और प्रक्रिया से पहले बहुत रोईं भी। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें संभाला और समझाया।

'अभी भी हो रहा है दर्द'

अभिनेत्री ने बताया कि वह फिलहाल रिकवरी फेज में हैं और अभी भी जिस हिस्से में प्रक्रिया हुई, वहां मूव करने पर खिंचाव जैसा दर्द महसूस होता है। होश में आने के बाद भी उन्हें काफी तकलीफ हुई थी। उन्होंने कहा कि जब वह अस्पताल के कमरे में लौटीं और फैंस के मैसेज पढ़े तो उनकी आंखों में आंसू आ गए। लोगों की दुआओं और प्यार ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत किया।

गौरतलब है कि दीपिका पिछले कुछ महीनों से स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं। जून 2025 में उन्होंने ट्यूमर हटाने की सर्जरी भी करवाई थी और लगातार इलाज जारी है।

दीपिका का करियर

दीपिका कक्कड़ ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में टीवी शो 'नीर भरे तेरे नैना देवी' से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 2011 में 'ससुराल सिमर का' से मिली। यह शो करीब छह साल तक चला और उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई। इसके बाद वह 'झलक दिखला जा 8', 'नच बलिए 8' और 'बिग बॉस 12' जैसे रियलिटी शोज में नजर आईं। खास बात यह है कि वह बिग बॉस 12 की विजेता भी रहीं। हाल ही में वह सेलेब्रिटी मास्टरशेफ में दिखाई दी थीं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्हें शो छोड़ना पड़ा।

5379487