Gauahar Khan Son: मशहूर टीवी अभिनेत्री गौहर खान और उनके पति जैद दरबार ने पहली बार दुनिया के सामने अपने छोटे बेटे की झलक दिखाई। रमज़ान के दौरान गौहर अपने परिवार के साथ उमराह करने मक्का-मदीना पहुंचीं जहां से उन्होंने सोशल मीडिया पर छोटे बेटे फरवान की तस्वीर शेयर करते हुए उसका चेहरा रिवील किया। गौहर ने 2025 में दूसरे बेटे फरवान को जन्म दिया था।
26 फरवरी को गौहर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें पीछे काबा शरीफ नजर आ रहा है। तस्वीर में पूरा परिवार एक साथ दिखाई दे रहा है और छोटे फरवान की पहली झलक ने फैंस का दिल जीत लिया।
ये भी पढ़ें- 'फैंस पूछते,भाभी कैसी है?: Virosh की शादी पर विजय के भाई आनंद ने किया मजेदार पोस्ट, रश्मिका के लिए लिखा इमोशनल नोट'
तस्वीर के साथ गौहर ने भावुक कैप्शन भी लिखा, “अल्लाहुम्मा बारिक!! बड़े को काबा से पहला सलाम करवाया था, तो छोटे का सलाम भी तो बनता है। अस्सलामु अलैकुम ब्यूटीफुल वर्ल्ड, फ्रॉम फरवान। हमारे बच्चों को अपनी दुआओं में याद रखें, जैसे हम इस मुकद्दस जमीन से पूरी दुनिया के लिए दुआ कर रहे हैं।”
पोस्ट शेयर होते ही फैंस और सेलेब्स ने कमेंट सेक्शन में ढेरों शुभकामनाएं और प्यार बरसाया। कई लोगों ने लिखा कि यह कितनी खूबसूरत बात है कि दोनों बेटों का “पहला सलाम” दुनिया को उसी पवित्र स्थान से करवाया गया।
मक्का में ही किया था बड़े बेटे जेहान का फेस रिवील
यह पहली बार नहीं है जब गौहर और जैद ने अपने जीवन के किसी खास पल के लिए मक्का को चुना हो। मार्च 2024 में भी उमराह के दौरान उन्होंने अपने बड़े बेटे ज़ेहान का चेहरा पहली बार काबा शरीफ के सामने दिखाया था। उस समय भी उन्होंने इसे “दुनिया को पहला सलाम” बताया था और करीब दस महीने तक बेटे की तस्वीरें सार्वजनिक नहीं की थीं।
गौरतलब है कि ज़ेहान का जन्म मई 2023 में हुआ था, जबकि फरवान का जन्म 1 सितंबर 2025 को हुआ। गौहर खान और जैद दरबार ने दिसंबर 2020 में शादी की थी।









