छतरपुर। मध्य प्रदेश के पर्यावरण एवं वन मंत्री दिलीप अहिरवार ने छतरपुर यात्रा के दौरान अपने काफिले को बीच रास्ते में रोककर एक किसान के खेत में लगी आग बुझाने में मदद करने जा पहुंचे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में मंत्री अहिरवार स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
खेत में अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यह घटना चंदला क्षेत्र के धावा तिगेला के पास की है। यहां एक किसान के खेत में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मंत्री से सड़क किनारे खड़ी एक महिला ने मदद की गुहार लगाई। महिला की आवाज सुनते ही दिलीप अहिरवार ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और बिना देर किए खेत की ओर दौड़ पड़े।
"माँ की पुकार सुन, बेटा आया साथ"
— Dilip Ahirwar (@bjpdilipahirwar) March 28, 2026
चंदला विधानसभा के सरवई में रामनवमी पर प्रभु श्री राम जन्मोत्सव की शोभायात्रा से लौटते समय ग्राम धावा तिगेला के पास खेत में आग लगने से एक बिलखती हुई माता की पुकार सुनकर हृदय द्रवित हो उठा। खेत में लगी आग उनकी मेहनत को जला रही थी। pic.twitter.com/wLhx1AWfpz
ग्रामीणों के साथ आग बुझाई
मंत्री स्थानीय ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सभी ने मिलकर स्थिति को समय रहते संभाल लिया। जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। लोग मंत्री दिलीप अहिरवार के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
हानि की भरपाई का वायदा
बताया जाता है कि मंत्री अहिरवार सरवई में रामनवमी के जुलूस से लौट रहे थे और चंदला की ओर जा रहे थे, तभी यह घटना सामने आई। वह अपने पूरे दल बल के साथ आग बुझने में जुट गए। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद मंत्री दिलीप अहिरवार ने प्रभावित महिला को फसल के नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।










