देश की राजधानी दिल्ली से हनीट्रैप का एक और मामला सामने आया है। दक्षिण पूर्वी दिल्ली स्पेशल स्टाफ ने कालकाजी इलाके में हनीट्रैप कर युवक को लूटने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवती शामिल है, जिसने एक युवक को डेटिंग ऐप पर अपने जाल में फंसाया और जब मिलने आया तो उसका अपहरण कर 7 लाख रुपये लूट लिए।
पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अनुरूप नरूला ने 25 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक डेटिंग ऐप पर उसकी बातचीत शेरी नामक लड़की से हुई। फिर उसने मिलने की बात कही। उसने कहा कि नेहरू प्लेस में मिल सकते हैं। इस पर वो नेहरू प्लेस उससे मिलने पहुंचा तो वहां पर लड़की के साथ तीन पुरुष साथी थे, जिन्होंने उस पर हमला कर दिया।
इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाया और डराने धमकाने लगे। उसे लगा कि कुछ देर बाद उसे छोड़ देंगे, लेकिन उन्होंने उसे बंधक बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पैसे मांगे। आरोपियों ने यूपीआई, एटीएम और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से करीब सात लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे वापस नेहरू प्लेस छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता को लेते हुए विशेष टीम का गठन कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाली और ऑनलाइन पेमेंट ट्रोल, सीडीआर और अन्य तकनीकी सबतों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद एक साथ छापामारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें - दिल्ली पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का किया भंडाफोड़, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय नबोजीत, 28 वर्षीय संजय, 25 वर्षीय ऋषभ, 20 साहिल के रूप में हुई है। वहीं लड़की का नाम हरलीन कौर है, जो कि 20 साल की है। पूछताछ में पला चला कि हरलीन लड़कों को डेटिंग ऐप पर फंसाती और उसके बाद उसके साथी उसका अपहरण करके लूट लेते। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में इनका आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन अंदेशा है कि इन्होंने कई लोगों को ऐसे ही ठगा होगा। बहरहाल, मामले की जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।









