Indore Gair 2026: मध्यप्रदेश। हर साल की तरह इस बार भी इंदौर में रंगपंचमी को निकलने वाला गेर खास होने वाला है। रंगों से पूरा आसमान ढका हुआ नजर आएगा क्योंकि इस बार भी बड़ी संख्या में लोग इस गेर में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि, छतों से गेर का नजारा लेने के लिए ऑनलाइन Book My Show पर टिकिट बुक करनी होगी।
काफी मनमोहक होता है नजारा
इंदौर का गेर काफी खास होता है। लोग इतना रंग खेलते हैं कि, दूर-दूर तक बस रंगों के बादल ही दिखाई पड़ते हैं। यह नजारा देखने में काफी मनमोहक होता है। जिस मार्ग से गेर निकलता है वहां के मकानों की छत से नजारा और भी खास होता है। ऐसे में परिवार और दोस्तों के साथ इस नजारे का आनंद लेने के लिए छत की बुकिंग करने की व्यवस्था की गई है। बीते साल भी यह व्यवस्था की गई थी।
200 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था
गेर का जुलूस शीतला माता बाजार से लेकर गौराकुंड और खजूरी मार्केट होते हुए निकलेगा। इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए दूसरे शहरों से भी लोग आते हैं। ऐसे में ऑनलाइन छत की बुकिंग सबसे सरल व्यवस्था है। गेर के रास्ते में ऐसे आठ मकान है जिनकी छतों पर 200 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
रविवार को है गेर
इस बार गेर रविवार, 8 मार्च को है। ऐसे में अलग से छुट्टी की घोषणा नहीं करनी पड़ी। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि, रविवार के कारण गेर में भारी भीड़ उमड़ सकती है। चार किलोमीटर के मार्ग पर प्रशासन ने अभी से व्यवस्था करनी शुरू कर दी है। गेर के लिए विशेष रंग मिसाइल भी तैयार की गई है। यह करीब 100 फीट तक रंग फेंक सकती है। नगर निगम, भजन मंडलियां और डीजे इस गेर का हिस्सा होंगे।