जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने लंबे समय से लंबित ग्रंथपाल भर्ती परीक्षा 2022 के परिणामों की घोषणा पर लगी रोक हटा दी है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) द्वारा आयोजित इस परीक्षा का रिजल्ट अब जल्द ही जारी किया जा सकता है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच ने इस मामले में लगी रोक हटा दी है। कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ प्रदेश के लोक सेवा आयोग को रिजल्ट जारी करने की अनुमति दे दी है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिली है। हाईकोर्ट ने पीएससी की ओर से दायर इंटरविनर याचिका पर सुनवाई की।
पीएससी ने दायर की अदालत में याचिका
लोक सेवा आयोग ने कोर्ट को बताया कि 9 दिसंबर 2025 को दिए गए एक आदेश के कारण ग्रंथपाल परीक्षा के अंतिम परिणाम जारी करने पर रोक लग गई थी। जब तक यह रोक नहीं हटती, तब तक परिणाम जारी करना संभव नहीं। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस मनिंदर सिंह भट्टी ने आदेश दिया कि जिन याचिकाकर्ताओं ने अदालत में मामला दायर किया है, उनके परिणामों को सीलबंद लिफाफे में रखा जाएगा। यानी उनके रिजल्ट फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे, जबकि बाकी सभी उम्मीदवारों के परिणाम जारी किए जा सकते हैं।
अदालत 17 मार्च को करेगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई 17 मार्च को तय की है। अब अधिकांश उम्मीदवारों का परिणाम घोषित कर सकता है और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकता है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने की उम्मीद है, जो लंबे समय से इस भर्ती के अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। ग्रंथपाल भर्ती 2022 के लिए विज्ञापन 30 दिसंबर 2022 को मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया था। इस भर्ती के माध्यम से कुल 255 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। जून 2024 में हुई लिखित परीक्षा में कुल 623 उम्मीदवार इंटरव्यू चयनित हुए थे।
कुल 255 पदों पर की जानी हैं नियुक्तियां
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के इंटरव्यू 11 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए थे। इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइनल रिजल्ट जारी होना था, लेकिन अदालत में चल रहे मामले के कारण इस पर रोक लग गई थी। अब हाईकोर्ट द्वारा स्टे हटाए जाने के बाद परिणाम जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। इस रिजल्ट के जारी होने के साथ ही ग्रंथपाल 2022 भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इससे पहले इसी भर्ती चक्र के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर 2022 और स्पोर्ट्स ऑफिसर 2022 की भर्तियां पूरी हो चुकी हैं।









