Logo
शिवराज सिंह चौहान 66 वर्ष के हुए। भोपाल स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण, फ्री मामा कोचिंग और मोबाइल हॉस्पिटल की घोषणा, PM मोदी ने दी बधाई।

भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 66 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत देश के तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी। जन्मदिन के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधा रोपा। अपने जन्मदिन पर शिवराज सिंह चौहान मामा कोचिंग समेत मोबाइल हॉस्पिटल जैसे कार्यों की शुरुआत भी कर रहे हैं।

पेड़ लगाना पर्यावरण की सबसे बड़ी सेवा
सोशल मीडिया साईट एक्स पर फोटो शेयर करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, 'आज अपने जन्मदिन के अवसर पर भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधा रोपा। मेरा मानना है कि जीवन का हर क्षण केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के लिए भी होना चाहिए। जीवन तभी सार्थक है, जब वह सेवा और सद्भाव के लिए जिया जाए। पेड़ लगाना पर्यावरण की सबसे बड़ी सेवा है, इसलिए आप भी पेड़ लगाइये। यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। पौधा लगाकर लिंक पर फ़ोटो अपलोड करें, आपकी शुभकामनाएं मुझ तक पहुँच जाएंगी।'

पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, 'केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। वे अपने विनम्र स्वभाव और लोगों से जुड़ने के लिए प्रशंसित हैं। वे हमारे किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।'

pm
 

कार्तिकेय चौहान का इमोशनल पोस्ट

kar
 

जन्मदिन पर शिवराज सिंह चौहान की विशेष पहल
बता दें कि, शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपने जन्मदिन पर पांच वादे करेंगे। इनमें सबसे बड़ी पहल रायसेन, विदिशा और सीहोर जिले के भेरुंडा में फ्री मामा कोचिंग क्लास शुरू करना है। बताया जा रहा है कि, चौहान मोबाइल हॉस्पिटल की शुरुआत भी करेंगे।

PSC समेत कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी
इस पहल के तहत, गरीब स्टूडेंट्स को मध्यप्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन (PSC) समेत कॉम्पिटिटिव एग्जाम के लिए फ्री कोचिंग मिलेगी। कोचिंग ऑनलाइन भी दी जाएगी ताकि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले स्टूडेंट्स जो कोचिंग सेंटर तक नहीं पहुंच पाते, वे अपने घरों से ही कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर सकें।

दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भी बांटेंगे
बताया जा रहा है कि, विदिशा, रायसेन और भेरुंडा में पहले बैच में 100-100 स्टूडेंट्स होंगे। फ्री कोचिंग प्रोग्राम के लिए फॉर्म 5 मार्च से बटना शुरू हो गए हैं। चौहान अपने लोकसभा क्षेत्र विदिशा की सभी आठ विधानसभा सीटों के लिए मोबाइल हॉस्पिटल भी शुरू करेंगे। हर मोबाइल हॉस्पिटल में डॉक्टरों और नर्सों की एक टीम होगी जो मरीजों की जांच करेगी और इलाज करेगी। वह अपने लोकसभा क्षेत्र में रहने वाले दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भी बांटेंगे।

5379487