ग्वालियर। ग्वालियर में शुक्रवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, चार अन्य लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पतालों पहुंचाया।
तड़के तीन बजे हुआ हादसा
यह दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे परशुराम चौराहे के पास हुई। ऑटो में सवार परिवार शीतला माता मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहा था। तभी तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आटो में सवार लोगों को संभलने का कोई मौका ही नहीं मिला।
स्कॉर्पियो के पीछे थी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक ने इससे पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। इसके बाद पुलिस उसके पीछे लग गई थी। पुलिस से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक बहुत तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। तेज गति की वजह से वह सामने से आ रहे ऑटो को देख नहीं सका और टक्कर मार दी।
लापरवाही से परिवार तबाह
इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हुई है। जिन लोगों की जान बची है, वे आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों में इंद्रजीत शाक्य, उनकी पत्नी लीला, शुभम शाक्य, उनकी पत्नी शगुन और शुभम की सास प्रीति कश्यप शामिल हैं। परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घायलों में बच्चों की हालत गंभीर
घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। घायलों में बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।









