रायपुर। राजधानी रायपुर के तहसील कार्यालय में बुधवार को वकीलों और कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। नकल कॉपी नहीं मिलने पर वकीलों ने कार्यालय में हंगामा कर दिया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
नकल कॉपी न मिलने पर हंगामा
जानकारी के अनुसार, वकील हाईकोर्ट में अपील के लिए तहसील कोर्ट की नकल कॉपी प्राप्त करने पहुंचे थे। नकल समय पर उपलब्ध न होने पर उन्होंने कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
रायपुर तहसील कार्यालय में नकल कॉपी न मिलने पर वकीलों ने कर्मचारियों से बदसलूकी की, जाति पूछी, गाली-गलौज और धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।@RaipurDistrict #TehsilOffice #LawyerMisconduct pic.twitter.com/1RVlD9r30m
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 26, 2026
कर्मचारी से बदसलूकी और जाति पूछने का आरोप
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक वकील लगातार कर्मचारी का नाम और उसकी जाति पूछता हुआ नजर आ रहा है। कर्मचारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और मारपीट की धमकी भी दी गई।
तहसीलदार और मंत्री पर भी आरोप
हंगामे के दौरान वकीलों ने तहसीलदार को भी गाली दी। इसके अलावा राज्य के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा पर भी रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
घटना का वीडियो वायरल
बुधवार को हुई यह घटना अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में भी भय और नाराजगी की स्थिति है।









