Logo
बिहार में मौसम बदल रहा है। 15 जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार होली तक ठंड पूरी तरह खत्म हो जाएगी। जानें पटना समेत अन्य जिलों का तापमान।

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड अब विदाई की राह पर है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन की धूप अब चुभने लगी है, जबकि रातें अभी भी हल्की सर्द बनी हुई हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि होली आते-आते ठंड का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर देगी।

दिन में पसीना और रात में कंबल का दौर
बिहार में वर्तमान में 'दोरस' मौसम का प्रभाव देखा जा रहा है। इसका मतलब है कि दिन के समय लोग हल्की गर्मी और पसीने का अनुभव कर रहे हैं, जबकि रात होते ही हल्की ठंड महसूस होती है। शहरों में स्थिति यह है कि दिन में लोग बिना स्वेटर के घूम रहे हैं और कुछ जगहों पर पंखों का इस्तेमाल शुरू हो गया है।

हालांकि, आधी रात के बाद अभी भी कंबल की जरूरत पड़ रही है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि मौसम का यह दोहरा रूप स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए सुबह और रात के समय सावधानी बरतना जरूरी है।

आज के तापमान का ताजा हाल
मौसम विभाग की 26 फरवरी की रिपोर्ट के अनुसार, आज प्रदेश का मौसम सामान्य रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है। सूर्यास्त शाम 05:52 बजे होगा। राज्य में नमी का स्तर 26 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया है और वायुमंडलीय दबाव 1012 के स्तर पर बना हुआ है। होली तक अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

15 जिलों में पारा 30 डिग्री के पार
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार के लगभग 15 जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। बुधवार को कैमूर जिला राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा नालंदा में 30.9 डिग्री, शेखपुरा में 30.1 डिग्री, फारबिसगंज में 30.2 डिग्री और डेहरी में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में गर्मी का असर उत्तर बिहार की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ रहा है।

डॉक्टरों की सलाह: अभी न छोड़ें गर्म कपड़े
बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है। दिन में बढ़ती गर्मी को देखकर अचानक पंखे या एसी का अत्यधिक प्रयोग और गर्म कपड़ों को पूरी तरह से त्याग देना भारी पड़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समय वायरल इन्फेक्शन का होता है। मौसम विभाग का कहना है कि होली तक गर्मी अपने पूरे शबाब पर होगी, लेकिन तब तक सुबह और देर रात को शरीर को ढक कर रखना ही समझदारी है।

5379487