पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों के बीच एक और बड़ी लूट की घटना ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर बदमाश लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र के खमरिया गांव का है। यहां स्थित रमेश ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि, दो बाइक में सवार तीन बदमाश दुकान बंद करने के समय पहुंचे। इसी दौरान दुकान के अंदर जमीन पर रखे दो बैग उठाकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
लूटे गए सामान में करीब 8 से 10 किलो चांदी और लगभग 60 ग्राम सोना बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अकलतरा-बलौदा की दिशा में भागे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
गौरतलब है कि, तीन दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि, आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।









