कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को बलौदा बाजार दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया।
कसडोल विधायक संदीप साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पलारी स्थित सर्किट हाउस में उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। दौरे के दौरान उन्होंने मनरेगा बचाओ आंदोलन को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 'मनरेगा बचाओ' अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मार्च माह में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुंडेल क्षेत्र में एक बड़ा राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन प्रस्तावित है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल शनिवार को बलौदाबाजार के दौरे पर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। @bhupeshbaghel @INCChhattisgarh #Chhattisgarh @BalodaBazarDist pic.twitter.com/WIUZhmdbwc
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 21, 2026
गांधी ने कुंडेल से शुरू किया था सत्याग्रह
कुंडेल वही क्षेत्र है, जहां से महात्मा गांधी ने छत्तीसगढ़ में पहली सत्याग्रह आंदोलन की शुरूआत की थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रस्तावित कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है।
मनरेगा बचाओ आंदोलन मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई : भूपेश
उन्होंने कहा कि, मनरेगा बचाओ आंदोलन मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई है और इसे कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से लड़ रही है। उनके अनुसार देश में कई संगठनों की मौजूदगी है, लेकिन मजदूरों की आवाज उठाने का काम कांग्रेस कर रही है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें धमतरी का प्रस्तावित कार्यक्रम सबसे बड़ा होगा।









