पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने फूड इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। स्व सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य की दुकान आबंटित कराने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 90 हजार रुपये लेते समय अधिकारी गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बिलासपुर का है, जहां एक स्व सहायता समूह से शासकीय उचित मूल्य की दुकान दिलाने के एवज में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद समूह ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
बिलासपुर में स्व सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य दुकान आबंटन के नाम पर 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाला फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार। @BilaspurDist #Chhattisgarh #Bribe pic.twitter.com/0Af5uJ3Eng
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 21, 2026
रिश्वत लेते हुए फूड इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार
शिकायत की सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही फूड इंस्पेक्टर ने 90 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पलारी जनपद पंचायत के SDO 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
वहीं 19 फरवरी को बलौदाबाजार जिले में गुरूवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत पलारी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जनपद पंचायत के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस घटना से पंचायत महकमे में हड़कंप मच गया है।
बलौदाबाजार जिले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत पलारी के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। @BalodaBazarDist #ACBaction #Bribe pic.twitter.com/6a8vPk4S6X
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 19, 2026
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने एक उप सरपंच से कथित रूप से 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि, किसी कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में यह राशि मांगी गई थी। उप सरपंच ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
एसडीओ को रिश्वत लेते हुए पकड़ा
बताया जा रहा है कि, 1 लाख रुपये की मांग के तहत 25 हजार रुपये की पहली किस्त देने के लिए उप सरपंच एसडीओ के कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने राशि सौंपी, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर एसडीओ को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल, एसीबी की टीम कार्यालय में दस्तावेजों की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की बात कही जा रही है।









