बेंगलुरु. आईपीएल 2026 का आगाज एक बड़े मुकाबले के साथ होने जा रहा है, जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा और पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद है।
बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच पिछले कुछ सालों में कई बड़े स्कोर वाले मैच देखने को मिले हैं। 2024 में दोनों टीमों के बीच 287 बनाम 262 जैसा ऐतिहासिक मुकाबला खेला गया था। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 206 और सनराइजर्स हैदराबाद ने 231/6 जैसे बड़े स्कोर भी बनाए हैं। ऐसे में फैंस को एक बार फिर चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती।
आरसीबी की गेंदबाजी हुई कमजोर
हालांकि, इस बार दोनों टीमों की गेंदबाजी कुछ कमजोर नजर आ रही। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा है क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे। वहीं यश दयाल भी पूरे सीजन से बाहर हैं। ऐसे में अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। टीम में जैकब डफी, मंगेश यादव और रसिख सलाम जैसे युवा गेंदबाजों को मौका मिल सकता है।
हैदराबाद की गेंदबाजी भी फीकी
दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी भी बहुत मजबूत नहीं दिख रही। जयदेव उनादकट और हर्षल पटेल की अगुआई में टीम उतरेगी, जबकि ब्राइडन कार्स और ईशान मलिंगा सपोर्ट रोल में होंगे।
कोहली पर होगी बड़ी जिम्मेदारी
आरसीबी की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट शानदार फॉर्म में दिख रहे। वहीं SRH के पास भी ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। खासतौर पर अभिषेक शर्मा और फिल सॉल्ट पर सभी की नजरें रहेंगी।
बेंगलुरु में भगदड़ के बाद आईपीएल की वापसी
यह मुकाबला भावनात्मक भी रहने वाला है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में करीब 10 महीने बाद क्रिकेट की वापसी हो रही। पिछले साल 4 जून को बेंगलुर की जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस बार आरसीबी के खिलाड़ी उन लोगों की याद में काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे।
ईशान करेंगे हैदराबाद के लिए कप्तानी
टीम संयोजन की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों के चयन को लेकर कुछ असमंजस है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद में हेनरिक क्लासेन नंबर 4 पर बल्लेबाजी करेंगे, जिसकी पुष्टि कोच डेनिएल विटोरी ने की।
पिच की बात करें तो चिन्नास्वामी की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। हालांकि लंबे समय से यहां मैच नहीं हुआ है, इसलिए शुरुआत में थोड़ी अनिश्चितता रह सकती है। मौसम गर्म रहेगा और ओस का असर ज्यादा नहीं होने की संभावना है।
दोनों टीमें जीत के साथ सीजन की शुरुआत करना चाहेंगी। जहां आरसीबी अपने खिताब को बचाने उतरेगी, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद पिछले सीजन की गलतियों को सुधारना चाहेगी। ऐसे में आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच रोमांच से भरपूर होने वाला है।










