Cheela Recipes: नाश्ते में परांठों की जगह कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहती हैं? झटपट बनने वाले ये चटपटे चीले न सिर्फ पौष्टिक हैं, बल्कि पूरे परिवार को भी पसंद आएंगे। जानें रेसिपी

Cheela Recipes: नाश्ते में अक्सर हम परांठों पर ही निर्भर हो जाते हैं, लेकिन अगर आप अपने ब्रेकफास्ट को हेल्दी और टेस्टी बनाना चाहती हैं तो चीले एक बेहतरीन विकल्प हैं। पौष्टिक, जल्दी बनने वाले और हर उम्र के लिए परफेक्ट- चीले आपकी सुबह को स्वाद और एनर्जी दोनों देंगे। यहां बताए गए 4 तरह के झटपट और चटपटे चीले की रेसिपीज़ को आप आसानी से अपने किचन में बना सकती हैं।

लौकी ओट्स चीला

सामग्री:

  • सूजी – ½ कप
  • पिसे ओट्स – 1.5 कप
  • ताजा दही – 1 कप
  • पानी – 2 कप
  • लौकी – 1 कप (कद्दूकस की हुई)
  • बारीक कटा प्याज – 1 कप
  • हरी मिर्च – 4, बारीक कटी
  • हरा धनिया – 1 टीस्पून
  • नमक – स्वादानुसार
  • जीरा – 1 टीस्पून
  • हींग – 1 टीस्पून
  • तेल – 1 टेबल स्पून

बनाने की विधि

सबसे पहले सूजी और ओट्स में दही और पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और 20 मिनट के लिए ढक कर रख दें। इसके बाद लौकी, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, जीरा और हींग डालकर बैटर तैयार करें। नॉन-स्टिक तवे पर तेल लगाकर चीले सेंकें और दही या हरी चटनी के साथ सर्व करें।

टमाटर चीला

सामग्री:

  • हाइब्रिड टमाटर – 4
  • अदरक – 1 छोटी गांठ
  • मध्यम आकार का प्याज – 1
  • नमक – स्वादानुसार
  • कश्मीरी लाल मिर्च – 1 टीस्पून
  • हींग – 1 चुटकी
  • जीरा – 1 टीस्पून
  • तेल – सेंकने के लिए

बनाने की विधि

टमाटर, अदरक और प्याज को मिक्सी में पीस लें। इसमें सूजी मिलाकर 30 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद लाल मिर्च, नमक, हींग और जीरा डालें। नॉन-स्टिक तवे पर पतले- पतले चीले बनाकर अचार या चटनी के साथ सर्व करें।

स्टफ्ड मूंग चीला

सामग्री:

  • धुली मूंग दाल – 1 कप
  • पानी – 1 कप
  • नमक – 1 टीस्पून
  • अदरक – 1 छोटी गांठ
  • हरी मिर्च – 2
  • हल्दी – ½ टीस्पून
  • तेल या घी – सेंकने के लिए
  • भरावन सामग्री:
  • किसा हुआ पनीर – 1 कप
  • प्याज – 1, बारीक कटा
  • हरी मिर्च – 2, बारीक कटी
  • हरा धनिया – 1 टीस्पून
  • काली मिर्च पाउडर – 1 टीस्पून
  • नमक – स्वादानुसार
  • चाट मसाला – 1 टीस्पून

बनाने की विधि

मूंग दाल को 5-6 घंटे भिगोकर रखें। पानी निकालकर अदरक, हरी मिर्च, हल्दी और नमक डालकर पीस लें। पनीर के साथ प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, काली मिर्च और चाट मसाला मिलाकर स्टफिंग तैयार करें। तवे पर मूंग का घोल फैलाएं, सेंकते समय पनीर स्टफिंग भरें और फोल्ड करके टोमेटो सॉस के साथ सर्व करें।

हरा-भरा चीला

सामग्री:

  • पालक – 1 कप
  • पुदीना – 1 कप
  • हरा धनिया – 1 कप
  • हरी मिर्च – 3
  • अदरक – 1 छोटी गांठ
  • सूजी – 1.5 कप
  • दही – 1 कप
  • नमक – स्वादानुसार
  • अजवाइन – 1 टीस्पून
  • काली मिर्च – 1 टीस्पून
  • तेल या घी – सेंकने के लिए

बनाने की विधि

पालक, पुदीना, हरा धनिया, हरी मिर्च और अदरक को 1 कप पानी के साथ पीस लें। सूजी और दही मिलाकर आधे घंटे के लिए रखें। नमक, अजवाइन और काली मिर्च डालकर बैटर तैयार करें। गरमा-गरम चीले बनाकर चटनी या अचार के साथ सर्व करें।