‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर फिल्म का बनाने का ऐलान हो गया है। भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री इस फिल्म को बनाएंगे। यह फिल्म भारत के सैन्य ऑपरेशन और पहलगाम आतंकी हमले के बाद की कार्रवाई की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

Operation Sindoor Movie: बॉलीवुड में बायोपिक और सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्मों का चलन लगातार बढ़ रहा है। पिछले कई महीनों से ऑपरेशन सिंदूर पर फिल्म बनाने की योजना चल रही है जिसपर अब आधिकारिक मुहर लग चुकी है। 

फिल्म निर्माता भूषण कुमार और निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर दिया है। यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित होगी जिसमें भारत के सैन्य ऑपरेशन और पहलगाम आतंकी हमले के बाद की कार्रवाई की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।

ऑपरेशन सिंदूर पर फिल्म

एक चर्चित किताब “ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज़ डीप स्ट्राइक इन पाकिस्तान” पर आधारित होगी, जिसे लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ‘टाइनी’ ढिल्लों (रिटायर्ड) ने लिखा है।

यह फिल्म T-Series और विवेक अग्निहोत्री की I Am Buddha Productions के बैनर तले बनाई जाएगी। खास बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर दोनों के बीच यह पहली साझेदारी है।

विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार

सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी

ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में किए गए लक्षित सैन्य ऑपरेशनों से प्रेरित है। इन ऑपरेशनों को 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया गया था, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों, खासकर पर्यटकों की जान गई थी।

फिल्म में इन घटनाओं को न सिर्फ दिखाया जाएगा, बल्कि उनके पीछे की रणनीति और जमीनी हकीकत को भी विस्तार से सामने लाने की कोशिश की जाएगी।

यह सिर्फ फिल्म नहीं, एक जिम्मेदारी है’ - भूषण कुमार

भूषण कुमार ने इस प्रोजेक्ट को बेहद खास बताते हुए कहा- कुछ कहानियां चुनी नहीं जातीं, वे आपको चुनती हैं। ऑपरेशन सिंदूर ऐसी ही एक कहानी है... एक ऐसी कहानी जिसे ईमानदारी, साहस और जिम्मेदारी के साथ सुनाना जरूरी है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह एक रहस्य से भरी है। जब कोई राष्ट्र इतनी बड़ी घटनाओं से गुजरता है, तो उन्हें सच्चाई से दर्ज करना महत्वपूर्ण हो जाता है।"

‘सिर्फ मनोरंजन नहीं, सच्चाई दिखाना मकसद’ - विवेक अग्निहोत्री

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के कई विभागों के साथ मिलकर गहरी रिसर्च की गई है। उनका कहना है कि यह कहानी जितनी दिखती है, उससे कहीं ज्यादा जटिल और सटीक है इसके लिए उनका उद्देश्य है कि वे कहानी को तथ्यों और स्पष्टता के साथ सच्चाई को दर्शकों के सामने रख सकें।

रिलीज और कास्ट पर अभी सस्पेंस

फिलहाल फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में उत्सुकता जरूर बढ़ गई है, खासकर उन लोगों के बीच जो देशभक्ति और वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्मों को पसंद करते हैं।