Bhooth Bangla: बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार अपकमिंग फिल्म भूत बंगला में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी एक्ट्रेस वामिका गब्बी के साथ देखी जाएगी। टीजर और गाने में दोनों के बीच रोमांस की झलक देखने को मिली जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के एज गैप को लेकर कई तरह की बातें शुरू हुईं। अब इस ट्रोलिंग पर अक्षय ने खुलकर जवाब दिया है।
एज गैप पर अक्षय कुमार का जवाब
हाल ही में एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने ऑनस्क्रीन एज गैप को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "तो क्या है? हमने पहले ऐसा कभी देखा नहीं है क्या? हॉलीवुड में भी ऐसा होता है। कई बार यह स्क्रिप्ट की डिमांड होती है। असल जिंदगी में भी लोग अपने से बड़े या छोटे पार्टनर से शादी करते हैं।"
यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में कई फिल्मों में उम्र के बड़े अंतर वाली जोड़ियों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है।
अक्षय ने की को-स्टार वामिका की तारीफ
अक्षय कुमार ने अपनी को-स्टार वामिका गब्बी की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने बताया कि वामिका अपने काम को लेकर काफी गंभीर हैं और हर सीन की तैयारी पूरी मेहनत से करती हैं। इसके साथ ही उन्होंने तब्बू और विद्या बालन के काम करने के अलग-अलग अंदाज का भी जिक्र किया।
फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि असली उम्र और स्क्रीन एज में फर्क होता है। दर्शक कलाकारों को उनके किरदार और स्क्रीन प्रेजेंस के आधार पर स्वीकार करते हैं, न कि केवल उनकी उम्र के हिसाब से।
फिल्म ‘भूत बंगला’ के बारे में
भूत बंगला एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, वामिका गब्बी के अलावा परेश रावल, राजपाल यादव और दिवंगत असरानी भी नजर आएंगे।
यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी 14 साल बाद फिर से साथ काम कर रही है।









