रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्राम भरूवाडीह कला में रामनवमी के पावन अवसर पर समूचा वातावरण भक्तिमय रहा। इस विशेष उपलक्ष्य में नवनिर्मित श्री राम मंदिर का लोकार्पण एवं प्रभु श्री रामलला की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा अत्यंत हर्षोल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुँचते ही ग्रामीणों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। विधायक शर्मा ने प्रभु श्री राम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि रामनवमी के शुभ दिन पर ग्राम भरूवाडीह कला में प्रभु श्री रामलला का आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। आज का दिन हम सबके लिए ऐतिहासिक है। प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर और उनकी मूर्ति की स्थापना केवल ईंट और पत्थर का निर्माण नहीं है, बल्कि यह हमारी अटूट आस्था, हमारी संस्कृति और हमारे सामूहिक संकल्प की विजय है।यह मंदिर न केवल हमारी आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज में एकता और मर्यादा के आदर्शों को भी जीवंत रखेगा। श्री राम केवल एक देवता नहीं, वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उनका जीवन हमें धैर्य, त्याग और न्याय के मार्ग पर चलना सिखाता है।
विधायक ने गांव की सुख- शांति की कामना
उन्होंने आगे कहा कि मैं कामना करता हूँ कि इस मंदिर की स्थापना के साथ हमारे गांव में सुख, शांति और आपसी भाईचारा और अधिक सुदृढ़ हो। मैं इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर समिति के सभी सदस्यों और प्रत्येक ग्रामवासी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने अपनी सेवा और समर्पण से इस स्वप्न को साकार किया। प्रभु श्री राम का आशीर्वाद आप सभी पर सदैव बना रहे।
मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई
शुभ मुहूर्त में मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई। मंदिर निर्माण और स्थापना समारोह के गवाह बनने के लिए विधायक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे। पूजा के उपरांत महाआरती की गई और भक्तों के लिए भंडारे (प्रसाद) का आयोजन किया गया। साथ ही विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के रामनवमी कार्यक्रमों में शामिल हुए।










