2-Wheeler Tips: अपने दोपहिया वाहन की अधिकृत सर्विस सेंटर पर ही सर्विस कराएं, ताकि शुरुआती चरण में ही समस्याएं पकड़ में आ जाएं और भविष्य में उन पर होने वाला बड़े खर्च से बचाव हो सके।

2-Wheeler Tips: अगर आपके पास बाइक या स्कूटर है और आप चाहते हैं कि वह लंबे समय तक बिना ब्रेकडाउन के चलता रहे, तो कुछ आसान लेकिन जरूरी आदतें अपनाना बेहद जरूरी है। खासकर सुनसान जगह पर वाहन खराब हो जाना न सिर्फ असुविधाजनक बल्कि जोखिम भरा भी हो सकता है। यहां दिए जा रहे आसान उपाय आपकी दोपहिया को भरोसेमंद बनाए रखने में मदद करेंगे।

1. नियमित सर्विस करवाना जरूरी
समय-समय पर सर्विस करवाने से छोटी समस्याएं शुरुआती चरण में ही पकड़ में आ जाती हैं और बड़ी खराबी से बचाव होता है। हमेशा अधिकृत सर्विस सेंटर पर ही सर्विस कराएं। इंजन ऑयल बदलना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि यही इंजन को स्मूद और ठंडा रखता है। हर 1500–2000 किलोमीटर पर या जब ऑयल काला दिखने लगे, तब इसे बदलवाना बेहतर होता है। साथ ही चेन की टाइटनेस और लुब्रिकेशन भी नियमित रूप से चेक कराएं।

2. एयर फिल्टर की सफाई न भूलें
गंदा एयर फिल्टर इंजन की परफॉर्मेंस कम कर देता है और माइलेज पर असर डालता है। इसे समय-समय पर साफ करवाना या जरूरत पड़ने पर बदलवाना जरूरी है। साफ एयर फिल्टर इंजन को बेहतर तरीके से सांस लेने में मदद करता है।

3. स्पार्क प्लग की जांच
अगर आपकी बाइक स्टार्ट होने में दिक्कत दे रही है, तो स्पार्क प्लग कारण हो सकता है। हर 1500–2000 किलोमीटर पर इसकी जांच कराएं। खराब या घिसा हुआ स्पार्क प्लग तुरंत बदलवाएं।

4. बैटरी की नियमित निगरानी
बैटरी की हालत पर नजर रखें। लीकेज, ढीले कनेक्शन या स्टार्टिंग में देरी जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें। समय रहते समस्या ठीक करवाना जरूरी है।

5. टायर और व्हील की देखभाल
टायर प्रेशर हफ्ते में कम से कम एक बार जरूर चेक करें। गलत प्रेशर से माइलेज और कंट्रोल दोनों प्रभावित होते हैं। साथ ही व्हील बैलेंसिंग कराते रहें और घिसे या कटे हुए टायर तुरंत बदलें।

इन आसान आदतों से आपका दोपहिया वाहन लंबे समय तक सुरक्षित और भरोसेमंद बना रहेगा।

(मंजू कुमारी)