Logo
गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में सौतेली मां ने 3 साल की मासूम की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। ग्रामीणों के अनुसार ‘बली’ के शक में की गई वारदात, आरोपी हिरासत में।

गोरखपुर: जिले के पिपराइच थाना इलाके के ग्राम इमलिया में सोमवार देर रात एक ऐसी घटना घटी जिसने ममता को शर्मसार कर दिया। एक सौतेली मां ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी, अदिति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी घटना 'बली' देने के उद्देश्य से की गई है।

​तेल और सिंदूर लगाकर मासूम को किया तैयार
​परिजनों और ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, वारदात सोमवार रात करीब 12 बजे की है। आरोपी महिला ने पहले मासूम अदिति को नहलाया, फिर उसे तेल और सिंदूर लगाकर किसी अनुष्ठान की तरह तैयार किया। इसके बाद वह बच्ची को घर के अंदर बने देव स्थान पर ले गई, जहाँ उसने कुल्हाड़ी से उसका गला काट दिया।

​शादी के महज एक महीने बाद ही खौफनाक वारदात
​बच्ची के पिता, त्रिवेणी मौर्य की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी, जिनसे उन्हें तीन साल की बेटी अदिति थी। बच्ची की देखभाल और घर संभालने के उद्देश्य से त्रिवेणी ने 25 जनवरी 2026 को सहजनवां इलाके की इस महिला से दूसरी शादी की थी। शादी को अभी एक महीना ही बीता था कि इस नवविवाहित मां ने इस भयावह कांड को अंजाम दे दिया।

​पिता को हुई हलचल तो खुला खौफनाक राज
​वारदात के समय पिता त्रिवेणी मौर्य घर के बाहर सो रहे थे। घर के अंदर अचानक हुई हलचल और शोर सुनकर उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई; उनकी मासूम बेटी लहूलुहान अवस्था में देव स्थान पर पड़ी थी। शोर मचने पर आरोपी महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

​आरोपी महिला पुलिस हिरासत में, जांच जारी
​सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारी मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या के पीछे केवल अंधविश्वास था या कोई अन्य पारिवारिक विवाद।

5379487