Rajasthan Weather Update: होली फेस्टिवल से ठीक पहले राजस्थान के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शनिवार सुबह से ही जयपुर, दौसा सहित कई जिलों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं। सुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।
शुक्रवार देर रात बीकानेर, सीकर और अलवर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस हल्की बारिश का असर रात के तापमान पर भी दिखाई दिया और कुछ शहरों में पारा मामूली गिरा। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है और आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। राजधानी जयपुर समेत दौसा और आसपास के जिलों में शनिवार को सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही। हल्की हवा के कारण तापमान में तेज बढ़ोतरी नहीं हो पाई, जिससे लोगों को दिन में थोड़ी राहत महसूस हुई।
वहीं, शुक्रवार रात बीकानेर, सीकर और अलवर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बीकानेर के लूणकरणसर, सीकर के फतेहपुर और खैरथल-तिजारा क्षेत्र में भी बारिश दर्ज की गई।
दिन का तापमान 33 डिग्री के पार
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 14 शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। जयपुर, अलवर, सीकर और पिलानी में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ा।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दिन में बढ़ती गर्मी का असर अब रात के तापमान पर भी दिखने लगा है। पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है।
- फलोदी: 22.2°C
- बाड़मेर: 20.5°C
- चित्तौड़गढ़: 19.4°C
- जैसलमेर: 18.4°C
- जोधपुर: 18.4°C
- बीकानेर: 18.5°C
इन शहरों में अब रात की सर्दी लगभग खत्म हो चुकी है।
अगले दो हफ्तों का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र नई दिल्ली द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। यानी आने वाले दिनों में गर्मी तेज रह सकती है।










