जयपुर: राजस्थान में मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए चलाए गए 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' का काम पूरा हो गया है। शनिवार, 21 फरवरी 2026 को जारी की गई फाइनल लिस्ट के अनुसार, राज्य में अब मतदाताओं की कुल संख्या 5,15,19,929 है। चुनाव आयोग ने इस शुद्धिकरण प्रक्रिया के दौरान कुल 31,36,286 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए हैं।
मतदाता सूची के विस्तृत आंकड़े और वर्तमान स्थिति
27 अक्टूबर 2025 को राज्य में मतदाताओं की संख्या 5,46,56,215 थी, जिसमें से SIR प्रक्रिया के दौरान अपात्र नामों को हटाकर सूची को अपडेट किया गया है।
- कुल मतदाता: राज्य में अब 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 वोटर पंजीकृत हैं।
- पुरुष मतदाता: सूची में पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 2,69,57,881 है।
- महिला मतदाता: पंजीकृत महिला मतदाताओं की संख्या 2,45,61,486 तक पहुँच गई है।
- ट्रांसजेंडर मतदाता: राज्य में कुल 562 ट्रांसजेंडर मतदाता दर्ज किए गए हैं।
नए पंजीकरण और मतदाता वृद्धि वाले प्रमुख जिले
अंतिम प्रकाशन से पहले ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद राज्य भर में 12,91,365 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
- सर्वाधिक पंजीकरण: राजधानी जयपुर में सबसे अधिक नए मतदाता जोड़े गए हैं, जिसके बाद फलौदी और भरतपुर का स्थान है।
- कुल प्रतिशत वृद्धि: SIR प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की कुल संख्या में 10,48,605 (2.08%) की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
- जिलों में वृद्धि: जयपुर जिले में 3.45%, फलौदी में 3.22%, भरतपुर में 2.78%, सिरोही में 2.72% और बूंदी में 2.71% की वृद्धि देखी गई है।
- युवाओं की भागीदारी: 18-19 आयुवर्ग के नए वोटर्स
युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
युवा मतदाताओं की बढ़ोत्तरी: पहली बार वोट डालने वाले 18 से 19 वर्ष के 4,35,061 नए युवा मतदाता सूची में शामिल हुए हैं, जो कुल वृद्धि का 0.82% है।
युवा पंजीकरण में शीर्ष जिले: जयपुर जिले में सर्वाधिक 1.30% युवा मतदाता जुड़े हैं, इसके बाद बाड़मेर (1.26%), भरतपुर (1.22%), फलौदी (1.18%) और बूंदी (1.09%) का स्थान है।
लिंगानुपात (Sex Ratio) में सकारात्मक सुधार
चुनाव आयोग के प्रयासों से मतदाता सूची में लिंगानुपात के आँकड़ों में भी महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है।
राज्य स्तरीय सुधार: प्रारूप प्रकाशन के समय राज्य का लिंगानुपात 909 था, जो अब 2 अंकों के सुधार के साथ 911 हो गया है।
जिलों का प्रदर्शन: जयपुर जिले में लिंगानुपात में सबसे अधिक 7 अंकों की वृद्धि हुई है। इसके अलावा कोटा में 6 अंक और अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ व बारां में 4-4 अंकों का सुधार दर्ज किया गया है।









