Ujjain Accident News: मध्यप्रदेश। उज्जैन के इंगोनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के जहांगीपुर गांव की सड़क पर बारातियों से भरी बस पलट गई। इसके चलते 15 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, ओवरटेक करने के चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
जहां हादसा हुआ वहां कई दिनों से सड़क निर्माण का कार्य हो रहा है। इसी कारण वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है। बस पलटने के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। इन लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। कुछ घायलों के लिए उज्जैन से पांच एम्बुलेंस भेजी गई है।
खाचरोद से इंदौर जा रही थी बारात
बताया जा रहा है कि, बारात खाचरोद से इंदौर जा रही थी। इसी दौरान बड़ा हादसा हो गया। घायलों का उपचार इंगोरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
छिंदवाड़ा में बीते दिन हुआ था हादसा
बता दें कि, छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम से वापस लौट रही बस की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई थी। इसके बाद बस पलट गई जिसमें ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के चलते 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। करेर गांव में शुक्रवार सुबह एकसाथ पांच अर्थियां उठीं। ये उन दस मृतकों में से हैं जिनकी गुरुवार शाम हुए हादसे में मौत हुई थी।










