Logo
इंदौर रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट की शुरुआत हो गई है। बेसमेंट और पार्सल बिल्डिंग का काम शुरू कर दिया गया है, आधुनिकीकरण के बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं।

इंदौर। इंदौर रेलवे स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रहे अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्य के एक अहम चरण की शुरुआत हो गई है। करीब 412 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत बेसमेंट और पार्सल बिल्डिंग के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। यह परियोजना इंदौर रेलवे स्टेशन को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम है। 

रेलवे स्टेशन पर एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं 
रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके। इस पहल से स्टेशन शहर की आधुनिक पहचान का प्रतीक भी बनेगा। निर्माण कार्य के तहत बेसमेंट तैयार करने के लिए प्लेटफॉर्म स्तर से लगभग सात मीटर नीचे तक खुदाई की गई है। इस दौरान सांसद शंकर लालवानी स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचे और सात मीटर नीचे उतरकर कार्य का निरीक्षण किया। 

पूजा के साथ किया कार्य का शुभारंभ
 इसके साथ ही पार्सल बिल्डिंग के निर्माण का काम भी शुरू किया गया। इस मौके पर पश्चिम रेलवे के मुख्य इंजीनियर (निर्माण) धीरज कुमार, रेलवे इंजीनियर अंकुर सिंह और सांसद प्रतिनिधि विशाल गिडवानी सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और आगे की रणनीति पर चर्चा की। सांसद शंकर लालवानी ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि काम गुणवत्ता पूर्ण हो और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। 

जरूरत के अनुरूप विकसित करें स्टेशन
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि यह परियोजना शहर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य सिर्फ स्टेशन का भौतिक स्वरूप बदलना नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है, ताकि यात्रियों को उच्च स्तर की सेवाएं मिल सकें। यह परियोजना इंदौर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।

7