Logo
भोपाल AIIMS के पास निर्माणाधीन इमारत का छज्जा गिरने से 8 लोग घायल, एक महिला गंभीर, कई वाहन मलबे में दबे।

Bhopal News: मध्यप्रदेश। AIIMS-भोपाल के सामने शुक्रवार को एक निर्माणाधीन इमारत की बालकनी का छज्जा गिरने से आठ लोग घायल हो गए। तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

23 वर्षीय महिला, नंदिनी, गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे गहन निगरानी के लिए AIIMS के ट्रॉमा ब्लॉक में भर्ती कराया गया है। बालकनी का छज्जा गिरने से नीचे बना एक शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया और तीन वाहन उसके नीचे दब गए।

इमारत लगभग 35 साल पुरानी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इमारत का कुछ हिस्सा शायद अवैध था। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं, और डॉक्टर नंदिनी की हालत की जांच के लिए टेस्ट कर रहे हैं। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय मरीज और उनके परिजन दवाएं लेने के लिए वहां आए हुए थे। यह इमारत लगभग 35 साल पुरानी है और इसके भूतल पर एक मेडिकल स्टोर है। इसके ठीक ऊपर तीन और मंजिलों का निर्माण कार्य चल रहा है। जो बालकनी गिरी, वह काफी बाहर की ओर निकली हुई थी और नीचे बने शेड पर जा गिरी, जिससे शेड भी ढह गया।

लोगों का कहना है कि, शेड के कारण मलबा डायरेक्ट लोगों पर नहीं गिरा। इसी कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। नगर निगम को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इधर जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम भी जांच के लिए पहुंची है।

तहसीलदार ने की जांच शुरू
नगर निगम की टीम ने मौके से रेत, सरिया और अन्य सामग्री जो सड़क पर रखी थी उसे जब्त कर लिया है। बिल्डिंग की मालिक का नाम कविता बताया जा रहा है। एमपी नगर तहसीलदार ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

7