मऊ/इंदौर। मऊ के नजदीक स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टिंचा फाल्स (Tincha Falls) पर एक दर्दनाक हादसे में आज शनिवार तकड़के दो युवकों की मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक खाई के किनारे बैठे थे और अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।
घूमने टिंचा फॉल्स गए थे तीन युवक
पुलिस के अनुसार यह मामला सिमरोल पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। घटना की जानकारी हादसे का शिकार हुए युवकों के साथ गए अभिषेक पाठक ने पुलिस को दी। वह इंदौर के विजय नगर स्थित स्कीम नंबर 114 में रहता है। वह देवास नाका क्षेत्र में एक आरओ चिल्ड वाटर प्लांट चलाता है। शुक्रवार और शनिवार की रात वह दो परिचितों के साथ टिंचा फॉल्स घूमने गया था।
शराब पीने के दौरान हुआ हादसा
तीनों युवक वहां बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो का संतुलन बिगड़ा और वे गहरी खाई में जा गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक और सुमित के रूप में हुई है। अशोक इंदौर जिले के गौतमपुरा थाना क्षेत्र के रालयाता गांव का था। वह देपालपुर मंडी में व्यापार करता था। सुमित राजीव आवास विहार क्षेत्र का था। वह अभिषेक के प्लांट में काम करता था।
क्रेन की मदद से निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खाई गहरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन की सहायता से दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।










