खंडवा। शहर में सोशल मीडिया पर धर्मगुरू पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर शहर में माहौल अचानक बेहद तनावपूर्ण हो गया। सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में लोग अचानक गुरुवार रात मोघट रोड स्थित थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। देखते ही देखते भीड़ का गुस्सा बढ़ गया और करीब 200 लोगों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी प्रभाकर शिंदे की तुरंत गिरफ्तारी के साथ-साथ उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस जवानों से की धक्कामुक्की
जिस समय लोगों ने थाने का घेराव किया, उस समय थाने में पुलिसकर्मियों की संख्या बहुत कम थी। उस समय थाने पर केवल एक सब-इंस्पेक्टर और लगभग छह से सात सिपाही ही मौजूद थे। कम पुलिस बल देखा तो भीड़ आक्रामक हो गई। लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और मुख्य सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच कुछ उपद्रवियों ने पथराव भी शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस अधिकारियों ने शहर के 6 थानों से मदद मांगी।
छह थानों से पुलिस बल बुलाना पड़ा
शहर के अलग-अलग छह थानों से पुलिस बल और सशस्त्र बटालियन को मौके पर बुलाया गया। जब पुलिस ने भीड़ को हटाने और स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की, तो कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस पथराव में एक सिपाही अबरार खान घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को गलियों तक खदेड़ दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण में आई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और शहर में फ्लैग मार्च भी किया।
भागते उपद्रवियों ने युवती पर किया हमला
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई। पुलिस कार्रवाई से बचकर भाग रहे कुछ उपद्रवियों ने रास्ते में जा रही एक युवती पर हमला कर दिया। दुबे कॉलोनी निवासी ऋषिका विश्वकर्मा स्कूटर से अपनी बुआ के घर जा रही थीं, तभी भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट आई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रभाकर शिंदे को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान
पुलिस ने मामला दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पत्थरबाजी और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।









