Logo
Indore Viral Video : इंदौर में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की एरोड्रम साइट पर काम को लेकर हुए विवाद के दौरान एक जेसीबी चालक ने कथित तौर पर इंजीनियर को बकेट/पंजे से कुचलने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

Indore Viral Video : मध्यप्रदेश। इंदौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक जेसीबी चालक एक व्यक्ति पर हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। जिस व्यक्ति पर हमला हो रहा है उसे पेशे से इंजीनियर बताया गया है। घटना मंगलवार को मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की एरोड्रम साइट पर घटी लेकिन वीडियो बुधवार को सामने आया है। पुलिस ने मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जेसीबी के पंजे से दबाने की कोशिश
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, इंजीनियर की जेसीबी (JCB) चालक से किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। तभी चालक जेसीबी में बैठा और गाड़ी के पंजे (बकेट) से इंजीनियर को दबाने की कोशिश करने लगा। एक दो बार वार करने के बाद इंजीनियर दूर भाग गया। इसके बाद इंजीनियर ने बड़ा-सा पत्थर उठाकर जेसीबी की ओर फेंक दिया।

विवाद साइट के काम को लेकर हुआ था
आरोपी द्वारा दो से तीन बार इंजीनियर पर जानलेवा हमला किया गया था लेकिन आसपास मौजूद लोगों के द्वारा बीचबचाव किए जाने पर वह रुक गया। बताया जा रहा है कि, दोनों के बीच विवाद साइट के काम को लेकर हुआ था। विवाद के बाद मामला शांत हो गया लेकिन इंजीनियर द्वारा जेसीबी चालक के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं कराया गया। वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस खुद जांच कर रही है।

पीड़ित को खोजने की कोशिश
वायरल वीडियो के आधार पर पहले पुलिस द्वारा पीड़ित को खोजने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद आरोपी की तलाश की जाएगी। पुलिस का कहना है कि, जांच के बाद आगे कोई एक्शन लिया जाएगा।

इधर सोशल मीडिया साइट एक्स पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग जेसीबी चालक द्वारा गाड़ी के पंजे से इंजीनियर को मारने की कोशिश करते देखकर हैरान हैं।

5379487