Bhopal Crime News: मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में एक 6 साल की बच्ची पर तलवार से वार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, शाहजहानाबाद इलाके में कुछ युवक आपस में लड़ रहे थे तभी रास्ते से गुजर रहे पिता-पुत्री पर भी हमला हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। तलवार के वार के चलते बच्ची के सिर में गहरी चोट आई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल बच्ची का नाम मिरल अहमद है। उसके पिता का नाम फैजान अहमद बताया गया है। ये लोग इंद्र विहार कॉलोनी एयरपोर्ट रोड के निवासी हैं। बच्ची किंडरगार्डन में हैं जबकि पिता पोस्ट ऑफिस में नौकरी करते हैं।
धारदार हथियार से बच्ची पर हमला
बच्ची के पिता ने बताया कि, उनकी पत्नी बच्चों के साथ शाहजहानाबाद इलाके में अपने मायके आई थी। बुधवार रात वे पत्नी और बच्चों को लेने गए थे। रास्ते में पड़ने वाले शब्द प्रिंटिंग प्रेस के कुछ लोगों में विवाद हो रहा था। संकरी गली में 50 से अधिक लोग आपस में लड़ रहे थे। विवाद बढ़ा तो फैजान गाड़ी मोड़ नहीं पाया। इसी दौरान धारदार हथियार से बच्ची के सिर पर चोट लग गई।
मारपीट की धाराओं में केस दर्ज
बच्ची के सिर से खून बहने लगा तो फैजान उसे लेकर मुख्य मार्ग पर आया। यहां इलाज के लिए उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बायनों के आधार पर मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
डंडे-तलवार लेकर आए थे आरोपी
फैजान का कहना है कि, वो आरोपियों को नहीं जानता लेकिन सामने आने पर पहचान लेगा। उसके अनुसार आरोपी बाहरी लोग हो सकता है जो किसी पर हमला करने आए थे। कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है। सभी के पास डंडे-तलवार थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।