मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हवाई यात्रियों के लिए जल्द ही राहत भरी खबर आ सकती है। Raja Bhoj Airport पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया गया है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो यात्रियों को एयरपोर्ट पर बेहद सस्ती दरों पर चाय और नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत 10 रुपये में चाय और करीब 20 रुपये में नाश्ता मिलने की सुविधा शुरू हो सकती है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि यह सुविधा नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ‘उड़ान यात्री कैफे’ योजना के तहत शुरू की जाती है। इस योजना का उद्देश्य हवाई यात्रियों को किफायती दरों पर भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि भोपाल एयरपोर्ट को इस योजना के अगले चरण में शामिल किए जाने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार मंत्रालय एयरपोर्ट का चयन यात्री संख्या और फ्लाइट मूवमेंट के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कर रहा है। पहले उन एयरपोर्ट को शामिल किया जा रहा है जहां यात्रियों की संख्या अधिक है। इसी वजह से फिलहाल देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा को इस योजना में शामिल किया गया है, क्योंकि वहां भोपाल की तुलना में ज्यादा यात्री आते हैं।
हालांकि Raja Bhoj Airport पर पहले से एक लो-कॉस्ट फूड आउटलेट संचालित हो रहा है, जहां सीमित खाद्य सामग्री 10 से 20 रुपये के बीच उपलब्ध है। लेकिन यह मंत्रालय की आधिकारिक ‘उड़ान यात्री कैफे’ योजना का हिस्सा नहीं है।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर में स्पष्ट किया जाएगा कि चाय, कॉफी, पानी, समोसा, कचोरी, इडली-सांभर और बेसिक थाली जैसे खाद्य पदार्थ तय दरों पर ही यात्रियों को उपलब्ध कराने होंगे। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो से चार महीनों के भीतर मंजूरी मिल सकती है, जिसके बाद भोपाल एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को किफायती दरों पर भोजन और नाश्ते की सुविधा मिलने लगेगी।








