बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह का नया हरियाणवी सॉन्ग ‘टटीरी’ कानूनी शिकंजे में फंस गया है।

गाने को लेकर बढ़ते विवाद, सामाजिक संगठनों के विरोध और सरकारी शिकायतों के बाद यूट्यूब ने इस गाने को भारत में ब्लॉक कर दिया है। 1 मार्च 2026 को रिलीज हुए इस गाने ने महज एक सप्ताह में 5 करोड़ (50 मिलियन) से ज्यादा व्यूज हासिल किए थे, लेकिन अब यह गाना भारत में कहीं भी उपलब्ध नहीं है।

गाने पर क्यों मचा था बवाल?
बादशाह के इस गाने पर आपत्ति जताने के मुख्य तीन कारण सामने आए हैं, जिसके चलते इसे प्रतिबंधित करने की मांग उठ रही थी:

  • महिलाओं का अपमान और अभद्र शब्द: गाने के बोल "आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबको घोड़ी बनाने" पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ी आपत्ति जताई है। आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इसे महिलाओं को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने वाला और बेहद असभ्य करार दिया है।
  • बिना अनुमति फिल्मांकन: गाने में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के 
  • सरकारी स्कूल के दृश्यों का इस्तेमाल किया गया है। विभाग का आरोप है कि इसके लिए प्रशासन से कोई भी आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।
  • समाज में गलत संदेश: वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी छात्राओं द्वारा बैग फेंकने और बस की छत पर खड़े होने के दृश्य दिखाए गए हैं। इसे सामाजिक संस्थाओं ने हरियाणवी संस्कृति और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ एक बुरा संदेश देने वाला बताया है।

महिला आयोग ने जारी किया समन
इस विवाद के बाद बादशाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार को पंचकूला क्राइम ब्रांच और जींद के थाने में गाने के खिलाफ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को नोटिस भेजकर 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होने का समन जारी किया है।

जन-विरोध के बाद यूट्यूब ने हटाया सॉन्ग
सरकार की ओर से मिली कानूनी शिकायतों और बढ़ते जन-विरोध के बाद, यूट्यूब ने त्वरित एक्शन लेते हुए ‘टटीरी’ गाने को भारतीय डोमेन पर ब्लॉक कर दिया है। फिलहाल इस गाने के कमेंट सेक्शन को भी बंद कर दिया गया है और डिस्क्रिप्शन से भी सारी जानकारी हटा दी गई है। बता दें कि इस गाने में कैथल की बॉक्सर सिमरन जागलान की भी आवाज है। गाने की शूटिंग जींद और दुबई के विभिन्न हिस्सों में हुई थी। अब देखना होगा कि 13 मार्च को होने वाली पेशी और पुलिस जांच में आगे क्या खुलासा होता है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।