Logo
अगवानपुर रोड पर खड़ी एक कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत नवीन नगर चौकी इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अगवानपुर रोड पर खड़ी एक कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान बिहार के छपरा निवासी कुंदन कुमार (44) और रंजन कुमार (38) के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अगवानपुर रोड पर एक कार को लंबे समय से खड़ा देखा। कार की संदिग्ध स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को खोलकर देखा तो अंदर दो शव मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

रिटायर्ड फौजी थे बड़े भाई
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक कुंदन कुमार भारतीय सेना से रिटायर्ड थे, जबकि उनके छोटे भाई रंजन कुमार दिव्यांग (एक पैर से अपाहिज) थे। दोनों भाई काफी समय से फरीदाबाद के रोशनगर इलाके में रह रहे थे।

दम घुटने का अंदेशा
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण 'दम घुटना' बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से ही उस स्थान पर खड़ी थी। हालांकि, मौत की सही वजह और परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

पुलिस ने मामले में दिखाई गंभीरता
पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार के अंदर दोनों भाइयों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487