जिले के सभी खजाना कार्यालय ,उप-खजाना कार्यालय,सरकारी लेन-देन करने वाले बैंक पूरी तरह खुले रहेंगे।

वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए महेंद्रगढ़ जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। क्लोजिंग के समय सरकारी कामकाज और वित्तीय लेन-देन में कोई बाधा न आए, इसके लिए डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने विशेष आदेश जारी किए हैं। 31 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश होने के बावजूद जिले के सभी संबंधित कार्यालय और बैंक सामान्य दिनों की तरह कार्य करेंगे।

छुट्टी के दिन भी होगा सरकारी कामकाज
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने स्पष्ट किया है कि पंजाब वित्तीय नियमों के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है। 31 मार्च को जिले के सभी खजाना कार्यालय ,उप-खजाना कार्यालय,सरकारी लेन-देन करने वाले बैंक पूरी तरह खुले रहेंगे। इन संस्थानों में रात 12 बजे तक काम होगा ताकि साल के अंतिम दिन तक सभी बिलों का भुगतान और बजट संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें।

क्लोजिंग के चलते लिया गया फैसला
उपायुक्त ने बताया कि अक्सर वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन भारी भीड़ और तकनीकी कार्यों का दबाव रहता है। किसी भी विभाग का बजट लैप्स न हो और बिलों का भुगतान समय पर हो सके, इसी उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। लघु सचिवालय नारनौल समेत जिले के सभी संबंधित केंद्रों को सुचारू रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
डीसी ने सभी बैंक प्रबंधकों और विभागाध्यक्षों को इन आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि रात 12 बजे तक बैंकिंग और ट्रेजरी सेवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए ताकि सरकारी विभागों के वित्तीय कार्य बिना किसी बाधा के निपटाए जा सकें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।