साइबर ठगी के मामले दिन - प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है। ऐसा ही एक मामला धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में साइबर ठगी का आया है। ठगों ने 'ऑनलाइन ट्रेडिंग' में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिया। यह खेल फेसबुक पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट के साथ शुरू हुआ था।
फेसबुक के ज़रिए बुना ठगी का जाल
कोमरेड कॉलोनी के रहने वाले रिटायर्ड कैप्टन अमरजीत सिंह ने बताया कि जून-जुलाई 2025 में उन्हें आदिति यादव नाम की एक लड़की की फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। धीरे-धीरे बातचीत व्हाट्सएप तक पहुंच गई। कुछ समय बाद आदिति ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए पैसा डबल करने का झांसा दिया और अपने साथी पीटर पोल से मिलवाया।
'प्रॉफिट' दिखाकर जीता विश्वास
ठगों ने अमरजीत सिंह के मोबाइल में 'solnoy.com' नाम की एक ऐप इंस्टॉल करवाई।पहला निवेश करवाने कि लिए उन्होंने 10 हजार रुपए लगाए, जिस पर ऐप ने 13 हजार का प्रॉफिट दिखाया। कैप्टन ने यह पैसे निकाल लिए।
जबकि दूसरे निवेश में उन्होंने 20 हजार डाले, तो 69 हजार का मुनाफा दिखा। उन्होंने 19 हजार निकाल लिए और बाकी ऐप में ही रहने दिए।यहीं से ठगों ने उनका भरोसा जीत लिया और बड़ी रकम निवेश करने के लिए उकसाया।
18 लाख निवेश के बाद दिखाया 10 करोड़ का बैलेंस
भरोसा होने पर रिटायर्ड कैप्टन ने नवंबर और दिसंबर के बीच अलग-अलग किश्तों में भारी निवेश किया ।10 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच उन्होंने 1.92 लाख, 3 लाख, 1.06 लाख और 11 लाख जैसी बड़ी रकमें ट्रांसफर कीं।कुल मिलाकर 18 लाख रुपए से ज्यादा का निवेश करवाया गया।निवेश के बाद ठगों ने उनके ऐप अकाउंट में करीब 10 करोड़ रुपए का फर्जी प्रॉफिट दिखाया।
10 हजार डॉलर की मांग पर खुला राज
जब अमरजीत सिंह ने अपना पैसा निकालने की कोशिश की, तो आरोपी पीटर पोल ने उनसे 10 हजार डॉलर की और मांग की। इतनी बड़ी डिमांड सुनकर कैप्टन को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने पैसे देने से मना किया तो अचानक ऐप से उनका अकाउंट डिलीट कर दिया गया और आरोपियों के फोन भी बंद हो गए। पीड़ित ने अब साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









