हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव कथुरा में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ देर रात घर के बरामदे में सो रही एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजो देवी पर पड़ोस के कुछ युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर हालत में महिला को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
सोते समय रजाई और खाट पर डाला पेट्रोल
महिला के बेटे सोनू ने बताया कि मंगलवार रात फाग के दिन उसकी मां राजो देवी घर के बरामदे में रजाई ओढ़कर सो रही थी। रात करीब 11:45 बजे पड़ोस के 8-10 युवक कांच की बोतलों में पेट्रोल लेकर आए। आरोपियों ने सो रही बुजुर्ग महिला की रजाई और खाट के नीचे पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजनों और पड़ोसियों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
4 साल पुरानी 'लाइब्रेरी रंजिश' का बदला
इस जानलेवा हमले के पीछे 4 साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। सोनू के अनुसार यह विवाद 4 साल पहले शुरू हुआ। होली पर कुछ युवक गांव की चौपाल जहाँ लाइब्रेरी है पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे थे।बच्चों की पढ़ाई का हवाला देकर जब उन्हें रोका गया, तो आरोपी पक्ष ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया।तब से आरोपी पक्ष हर साल होली पर झगड़ा करता था और इस बार उन्होंने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
बेटे की जगह माँ बनी निशाना
अक्सर बरामदे में सोनू सोता है, लेकिन उस रात संयोग से उसकी माँ वहाँ सो रही थी। आरोपियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर हमला किया। सोनू ने प्रदीप, विजय और अन्य 8-10 युवकों पर उसकी मां को जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है।
पुलिस ने जल्द शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जली हुई खाट और रजाई को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









