Logo
दुकानदार ने बच्चे पर चोरी का आरोप लगाकर उसे अमानवीय यातनाएं दीं। आरोप है कि दुकानदार बच्चे को जबरन काम पर ले गया और फिर उसे घंटों तक बाथरूम में बंधक बनाकर पीटा।

हरियाणा के करनाल जिले के पॉश इलाके मॉडल टाउन में एक दुकानदार पर 12 वर्षीय मासूम बच्चे को अमानवीय यातनाएं देने का संगीन आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि दुकानदार ने चोरी के संदेह में न केवल बच्चे को बंधक बनाया, बल्कि उसका सिर मुंडवाकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया।

जबरन काम पर ले गया, फिर शुरू हुआ टॉर्चर
पीड़ित बच्चे मां भी उसी क्षेत्र की एक दुकान में कार्यरत है। उसने बताया कि शनिवार को उसकी सेहत ठीक नहीं थी, जिस कारण वह काम पर जाने में असमर्थ थी। महिला का आरोप है कि दुकानदार उसके 12 साल के बेटे को जबरन अपने साथ काम करवाने के लिए ले गया। परिजनों के विरोध के बावजूद आरोपी उसे दुकान पर ले गया, जहां मासूम के साथ बर्बरता की गई।

बाथरूम में कैद कर सिर मुंडाया 
महिला ने शिकायत में बताया कि दुकानदार ने उसके बेटे पर चोरी का झूठा इल्जाम मढ़ा और उसे घंटों तक दुकान के बाथरूम में बंद कर रखा। इस दौरान आरोपी और दुकान पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। जुल्म की हद तब पार हो गई जब बच्चे को डरा-धमकाकर बाथरूम के अंदर ही उसका सिर मुंडवा दिया गया। इसके बाद मासूम को उसी हालत में दुकान के आसपास घुमाया गया ताकि उसे मानसिक रूप से तोड़ा जा सके।

बच्चे की पीठ और कमर पर पिटाई के गहरे निशान मिले 
घटना की जानकारी मिलते ही जब बेबस मां दुकान पर पहुंची, तो मंजर देख उसके होश उड़ गए। महिला ने बताया कि वह आरोपी दुकानदार के पैरों में गिरकर अपने बच्चे को छोड़ने की भीख मांगती रही। काफी देर तक हाथ-पांव जोड़ने के बाद ही आरोपी ने बच्चे को चंगुल से मुक्त किया। बच्चे की पीठ और कमर पर पिटाई के गहरे निशान मिले हैं, जो उस पर हुए शारीरिक हमले की गवाही दे रहे हैं।

दुकानदार बोला- चोरी की थी, इसलिए गुस्सा आ गया 
दूसरी ओर, आरोपी दुकानदार ने पुलिस के सामने बताया कि बच्चे ने दुकान में चोरी की थी। रंगे हाथों पकड़े जाने पर बच्चा अपशब्दों का प्रयोग करने लगा और हंगामा खड़ा कर दिया। दुकानदार ने स्वीकार किया कि इसी उत्तेजना और गुस्से में आकर उसने बच्चे को पीटा और उसका सिर मुंडवा दिया। हालांकि, अब आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए इसे गुस्से का परिणाम बता रहा है।

दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई 
इस संवेदनशील मामले में पुलिस के बयानों में विरोधाभास नजर आ रहा है। सेक्टर-13 पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर सुंदर सिंह ने पुष्टि की है कि महिला ने दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल मॉडल टाउन चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए जांच वहीं की जाएगी। वहीं, मॉडल टाउन पुलिस चौकी की प्रभारी गीता का कहना है कि अभी तक उनके पास लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही औपचारिक शिकायत प्राप्त होगी, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

Latest news

5379487