Logo
यह घटना पश्चिमी दिल्ली के रणहौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक सरकारी स्कूल की है। यहां सोमवार देर रात आग लग गई थी। हादसे में चौकीदार की दर्दनाक मौत हो गई है।

देश की राजधानी दिल्ली से एक के बाद एक आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के रणहौला इलाके में एक सरकारी स्कूल में आग लगने की घटना सामने आई है। हादसे में स्कूल के गार्ड की जलकर मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने इत्तेफाकिया केस के तहत जांच शुरू कर दी है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के रणहौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक सरकारी स्कूल में सोमवार देर रात आग की सूचना पुलिस और दमकलकर्मियों को मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि एक कमरे में आग लगी है। जब भीतर देखा तो पाया कि गार्ड बुरी तरह से झुलसा है। 

मीडिया रिपोर्ट्स में संबंधित पुलिस के हवाले से बताया गया है कि मृतक की पहचान 58 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संबंधित जांच अधिकारी ने बताया कि आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आर्ग की कार्यवाही सुनिश्चित होगी। 

दो दिन पहले भी हुआ था भीषण हादसा

बता दें कि दो दिन पहले यानी बाहरी दिल्ली के आदर्श नगर में भी आग की भीषण घटना सामने आई थी। यहां एक घर में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अचानक वहां एक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया था। इस हादसे में पुलिस और दमकलकर्मियों समेत 14 लोग झुलस गए थे। झुलसे लोगों में एक ही परिवार के 8 सदस्य शामिल थे। यहां क्लिक कर पढ़िये संबंधित खबर

समाप्त

5379487