Logo
Uttam Nagar Murder Case:उत्तम नगर के तरुण हत्याकांड मामले में पुलिस एक नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मृतक की फैमिली ने CBI जांच की मांग उठाई है। इसके अलावा मामले में आप नेता सौरभ भारद्वाज की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली में उत्तम नगर की हस्तसाल कॉलोनी में होली के दिन एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 26 साल के युवक तरुण की दूसरे समुदाय के लोगों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस अब तक एक नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस हत्याकांड के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, इस मामले को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।    

पुलिस का कहना है कि, होली वाले दिन 4 मार्च की रात को करीब 11 बजे हस्तसाल कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच झगड़ा शुरू हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद 11 साल की लड़की द्वारा फेंका गया पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ था, जो एक महिला को जा लगा।

इसके बाद दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य सड़क पर इकट्ठा हो गए और उनके बीच मारपीट हो गई। इस झड़प में एक पक्ष के 3 और दूसरे पक्ष के 5 लोग घायल हुए थे। जिनमें ज्यादातर लोगों को उसी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन अस्पताल में भर्ती तरुण की मार्च को मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज करके पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।  

दोनों पक्षों के बीच पहले भी हुए झगड़े

पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार पिछले करीब 50 साल से पड़ोसी हैं, दोनों के बीच पहले भी पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे मुद्दों को लेकर विवाद होते रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक एक नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।  

मृतक पिता ने क्या कहा ?

मृतक तरुण के पिता ने कहा कि, 'हमारी मांग है कि हमारे बेटे को न्याय मिले, पुलिस ने अब तक न तो कोई जांच की है और न ही हमसे उसके बारे में कुछ पूछा है। वे कह रहे हैं कि उन्होंने 5-6 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन उन्होंने हमें यह नहीं दिखाया कि किसे गिरफ्तार किया गया है।

हम CBI जांच चाहते हैं, हम कल पुलिस स्टेशन भी गए थे, लेकिन उन्होंने दरवाजे बंद कर दिए। जब हम विरोध प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे, तो उन्होंने लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही मेरा बेटा आया, 15-20 लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसे मौके पर ही मार डाला, वे सभी यहीं घूम रहे थे, लेकिन पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया।'

AAP नेता सौरभ भारद्वाज का बयान

उत्तम नगर में हुई तरुण की हत्या को लेकर AAP नेता सौरभ भारद्वाज का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि 'यह बड़े शर्म की बात है भारतीय जनता पार्टी की सरकार में आज यहां कोई सुरक्षित नहीं है। ना यहां हिंदू सुरक्षित है, ना यहां ईसाई सुरक्षित है और ना यहां पर गाय सुरक्षित है। यहां पर कोई भी सुरक्षित नहीं है।'  

5379487