Jewar Airport: यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में स्थित जेवर एयरपोर्ट का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, चारों चरण का काम पूरा होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट पूरे एशिया महाद्वीप का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। इसके अलावा पीएम मोदी ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। बताया जा रहा है कि इस एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में लगभग 21 विधानसभाओं के लोग मौजूद रहे। एक तरफ आज नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ तो वहीं दूसरी तरफ देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट को लेकर भी चर्चा होने लगी है।
देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के बड़े या फिर छोटे होने का मानक अलग अलग है। इनमें यात्रियों की क्षमता, क्षेत्रफल और उड़ानों की संख्या तय होती है। अगर देश के व्यस्त एयरपोर्ट की बात करें तो इस लिहाज से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। इसके अलावा अगर क्षेत्रफल की बात करें तो हैदराबाद एयरपोर्ट सबसे बड़ा एयरपोर्ट हैं। चलिए बताते हैं देश के पांच सबसे बड़े एयरपोर्ट के बारे में-
1. इंदिरा गांधी एयरपोर्ट- राजधानी दिल्ली में मौजूद यात्रियों की क्षमता के लिहाज से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। इस एयरपोर्ट से हर साल 10 करोड़ यात्री उड़ाने भरते हैं। इसे देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में से एक माना जाता है और प्रतिदिन यहां से 1300 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का क्षेत्रफल करीब 5106 एकड़ के आसपास है।
2. छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट- मुंबई का छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट उड़ानों और यात्रियों की संख्या के लिहाज से आगे है। दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा फ्लाइट्स उड़ान इसी एयरपोर्ट से भरती हैं। इस एयरपोर्ट से हर साल 5 करोड़ यात्री उड़ानें भरते हैं। बात अगर इसके क्षेत्रफल की करें तो मुंबई एयरपोर्ट करीब 1850 एकड़ में फैला हुआ है। यहां से हर रोज 900 से अधिक फ्लाइट्स उड़ानें भरती हैं और एक रनवे के होने के बावजूद यह एयरपोर्ट बहुत ज्यादा ट्रैफिक हैंडल करता है।
3 राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट- क्षेत्रफल के लिहाज से हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट फिलहाल देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। इसका क्षेत्रफल 5500 एकड़ है जो कि इसे देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाता है। इससे हर साल करीब 3.4 करोड़ यात्री यात्रा करते हैं। इसके अलावा इसका अभी विस्तार चल रहा है, जिसके पूर्ण होने के बाद उसकी क्षमता 5 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगी। वहीं अगर उड़ानों की बात करें तो हर रोज इस एयरपोर्ट से 600 से 700 फ्लाइट उड़ाने भरती हैं।
4. केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट- कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित केंपेगौड़ा एयरपोर्ट क्षेत्रफल के लिहाज से देश का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। इसका क्षेत्रफल करीब 4000 एकड़ के आसपास है। इस एयरपोर्ट से हर रोज करीब 600 से 700 फ्लाइट्स उड़ान भरती हैं। वहीं इस एयरपोर्ट से सालाना करीब 6 करोड़ के आसपास यात्री उड़ानें भरते हैं।
5. जेवर एयरपोर्ट- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जिसे जेवर एयरपोर्ट के नाम से भी जाना जाता है। इस एयरपोर्ट के पहले फेज के बनने के बाद इस पर फ्लाइट्स उड़ना शुरू हो जाएंगी, जिसके बाद यह देश का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। बताया जा रहा चारों फेज का निर्माण होने के बाद जेवर एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। इसका विस्तार 5000 एकड़ में किया जाएगा। पहले फेज के निर्माण के बाद इस एयरपोर्ट की क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की हो जाएगी। इसके अलावा इस एयरपोर्ट के फाइनल फेज का निर्माण होने के बाद एयरपोर्ट की यात्री क्षमता 7 करोड़ सालाना हो जाएगी