आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता की सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की बीजेपी सरकार ने कोई भी नया प्रोजेक्ट शुरू नहीं किया है। केवल अरविंद केजरीवाल की सरकार के कार्यों का नाम बदला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली सरकार को भी कर्जदार बना दिया है। सौरभ भारद्वाज ने बुराड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली को लेकर भी सीएम रेखा गुप्ता की सरकार पर तंज कसा है।
मीडिया से बातचीत में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी की सरकार आने के बाद सबसे बड़ी घोषणा यह की गई थी कि सीएम रेखा गुप्ता ने एक लाख करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने 75000 करोड़ रुपये का बजट जारी किया था, लेकिन रेखा गुप्ता की सरकार ने यह नहीं बताया कि एक लाख करोड़ रुपये का बजट कहां से आएगा।
उन्होंने कहा कि अब यह खबर सामने आ रही है कि दिल्ली की सरकार ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से कहा है कि हमको एक हजार करोड़ रुपये चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां तक मुझे याद है दिल्ली की सरकार दशकों से हर साल सरप्लस रिवन्यू देती थी, कभी भी घाटे में बजट नहीं देती थी। दिल्ली सरकार को ओपन मार्केट से कभी भी पैसा लेने की जरूरत नहीं पड़ी। और सीएम रेखा गुप्ता की चार इंजन की सरकार की नाकामी देखिये, एक साल में दिल्ली को कर्जदार बना दिया। यानी एक हजार करोड़ का कर्जा लेने जा रहे हैं। जितनी भी डिस्पेंसरी थी, मोहल्ला क्लिनिक थी, उनका रंग बदलकर नाम बदलकर आरोग्य मंदिर कर दिया।
अरविंद केजरीवाल जो बसें लेकर आएं, उनका रंग बदलकर इलेक्ट्रिक बस, देवी बस का नाम दे दिया। जो हमारे समय के पानी के टैंकर थे, उन्हीं पर पीएम मोदी जी की फोटो लगाकर बोल दिया कि हम लेकर आए हैं। कुल मिलाकर एक भी काम ऐसा नहीं, जो उन्होंने स्वयं किया है। हमारे स्कूलों का नाम बदलकर सीएम श्री स्कूल नाम दे दिया। उन्होंने कहा कि 540 मोहल्ला क्लिनिकों में से 400 से ज्यादा मोहल्ला क्लिनिक बंद कर दिए। तो आपका एक लाख करोड़ रुपये के बजट का पैसा कहां जा रहा है, यह हमारा सवाल है। उन्होंने जवाब मांगा कि आखिरकार एक हजार करोड़ रुपये का लोन लेने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
पीएम मोदी पर भी साधा निधाना
इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले गारंटी दी थी कि मार्च से पहले ही महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे, यह मोदी की गारंटी है। लेकिन आज मार्च चल रहा है, लेकिन अभी तक महिलाओं को पैसे नहीं मिले। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बुराड़ी में रैली करने जा रहे हैं। हम प्रधानमंत्री से यही सवाल पूछेंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता की चार इंजन की सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। यहां तक की मोदी की रैली के लिए भी लोग आने को तैयार नहीं है। ऐसे में सफाईकर्मियों को रैली में आने के लिए मजबूर किया जा रहा है। आदेश दिया गया है कि सुबह 6 बजे हाजिरी लगेगी, इसके बाद बसों से रैली स्थल पर भेजा जाएगा। उन्होंने तंज कसा कि सफाईकर्मियों को समोसे, चिप्स, फ्रूटी का लालच देकर कैजुअल ड्रेस में आने को कहा है ताकि सीएम रेखा गुप्ता की सरकार की पोल पीएम मोदी के समक्ष न खुले। उन्होंने कहा कि दिल्ली की बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।