प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, तीन अतिरिक्त कॉरिडोर की भी आधारशिला रखेंगे। यह जानकारी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर खंड और मैजेंटा लाइन के दीपाली चौक से मजलिस पार्क खंड का उद्घाटन करेंगे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं पर 18 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। ये परियोजनाएं सार्वजनिक परिवहन को काफी मजबूत करेंगी। साथ ही, पूरे शहर में कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर खंड में आठ एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह पिंक लाइन का हिस्सा है।
इस विस्तार के साथ, पिंक लाइन की लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे दिल्ली देश की पहली पूर्णतः चालू रिंग मेट्रो का घर बन जाएगी। इस परियोजना में यमुना नदी पर एक नए पुल का निर्माण और मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर दोनों को ले जाने वाले एक डबल-डेकर वायडक्ट का निर्माण भी शामिल है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो फेज-V (A) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन का विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन का विस्तार शामिल हैं।
सीएम ने यह भी कहा कि इस विस्तार से दैनिक यात्रा सुगम होगी, भीड़भाड़ कम होगी और राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के निवासियों, विशेष रूप से नोएडा और फरीदाबाद से आने-जाने वालों के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक आसान पहुंच प्रदान करके कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाएगी।