देश की राजधानी दिल्ली से आए दिन हत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि पारवारिक रंजिश के तहत अपने ही अपनों के खून बहा रहे हैं। ताजा मामला बाहरी दिल्ली के रणहौला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी मामी को सबक सिखाने के लिए पांच वर्षीय ममेरे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले तो उसका गला दबाया और उसके बाद चाकू से गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 5 मार्च को दोपहर 12:20 बजे सूचना मिली थी कि मोहन गार्डन इलाके में एक बच्चे की हत्या कर दी गई है। पुलिस जब मौकै पर पहुंची तो पता चला कि उसके गले पर निशान है और चाकू से भी प्रहार किया गया है। घटनास्थल मृतक के घर से 50 गज की दूरी पर था, जहां बच्चे का शव एक निर्माणाधीन इमारत में पड़ा था।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो बच्चे के पिता पचु महतो ने बताया कि उसका बच्चा तीन मार्च से लापता था। उसकी पत्नी तीन मार्च को ही पारवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर गई थी। उसे लगा कि बच्चा भी उसके साथ गया होगा। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि इस हत्याकांड में उसकी मां की भूमिका संदिग्ध नहीं पाई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए।
पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि बच्चा आखिरी बार रवि कुमार (22) के साथ देखा गया। पचु महतो ने बताया कि रवि उसका भांजा है। इस पर पुलिस ने रवि को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआत में वह हत्या की बात से इनकार करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने मामा-मामी के झगड़ों से परेशान था। वह मामी को सबक सिखाना चाहता था। तीन मार्च को उसने शराब पी। इसके बाद अपने ममेरे भाई को बहल फुसलाकर निर्माणाधीन इमारत में ले गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से प्रहार किया और शव को जैकेट से ढककर फरार हो गया।
इसके बाद पांच मार्च को फिर से आरोपी लकड़ी के टुकड़े लेने का बहाना देकर फिर से निर्माणाधीन इमारत में पहुंचा और शव को घर ले आया। उसने परिजनों को बताया कि किसी ने उसके भाई की हत्या कर दी है। किसी को संदेह नहीं था कि उसी ने मासूम की हत्या की होगी। पुलिस का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल चाकू को बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










