Delhi Murder Case: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके में रानी बाग थाना क्षेत्र के एक शादी समारोह में खाने की व्यवस्था को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। यह मामूली बहस जल्द ही झगड़े में बदल गई और चाकूबाजी तक पहुंच गई। शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे हुई इस घटना में एक 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि उसके एक दोस्त को चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं। मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है, जो मोटर मैकेनिक का काम करता था और रोहिणी का रहने वाला था। घायल लड़के का नाम सनी बताया गया है और वो भी रोहिणी का ही रहने वाला है।
शादी में खाने की दावत के दौरान व्यवस्था और डीजे म्यूजिक को लेकर दो पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों गुट आपस में भिड़ गए। निखिल यादव और उसका दोस्त सनी शादी में अपने दोस्तों के साथ शामिल थे। दोनों ने झगड़े को शांत करने की कोशिश की और बीच-बचाव करने गए। इसी दौरान एक नाबालिग लड़के ने उन्हें विरोधी गुट का समझकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। निखिल को कई बार चाकू मारा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सनी को कमर के नीचे चाकू लगा और उसे महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने तुरंत मामले में संज्ञान लिया और मुख्य आरोपी नाबालिग लड़के समेत उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग ने ही चाकू चलाया। जांच में यह बात सामने आई कि निखिल और सनी खुद झगड़े में सक्रिय रूप से शामिल नहीं थे, बल्कि शांति बनाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पूछताछ जारी है। इस घटना से शादी का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया और परिवार व रिश्तेदार सदमे में हैं। निखिल के परिवार और दोस्तों ने बताया कि वह शादी में खुशी मनाने गया था।, लेकिन छोटे से विवाद ने उसकी जान ले ली। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में लगी हुई है ताकि वारदात की सच्चाई सामने आए और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।